
malvika iyer
साल 2002 में हुए बम विस्फोट में मैंने अपने दोनों हाथ गंवा दिए। मेरे पैरों और नसों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा। उस समय मैं सिर्फ 13 साल की थी। शारीरिक दर्द के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक चुनौतियां भी थीं। लेकिन मैंने खुद को अपनी परिस्थितियों तक सीमित नहीं रहने दिया। मैंने तय किया कि जो कुछ मेरे पास है, उसी के सहारे आगे बढऩा है। मैंने अपने पैरों की उंगलियों और दूसरे तरीकों की मदद से लिखना सीखा और पढ़ाई जारी रखी। यह सफर आसान नहीं था, लेकिन हर छोटी उपलब्धि ने मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया। मैं सिर्फ 13 साल की बच्ची थी और बहुत दर्द में थी। उस समय मेरी मां का रवैया मेरी सबसे बड़ी ताकत बना। जब डॉक्टरों ने कहा कि शायद मैं बच नहीं पाऊंगी, तब मां ने उनसे कहा कि उन्हें बस अपनी बेटी जिंदा चाहिए। हाथ हों या न हों, वह मेरी देखभाल कर लेंगी। एक बच्चे के मन पर ऐसी बातों का गहरा असर होता है। मेरे पिता भी पूरे समय हमारे साथ मजबूती से खड़े रहे। उन्होंने परिवार को संभाला और यह सुनिश्चित किया कि मुझे ठीक होने और पढ़ाई जारी रखने के लिए हर जरूरी चीज मिले। मेरी बहन ने भी उन वर्षों में बहुत जिम्मेदारियां उठाईं। वह खुद छोटी थी, लेकिन उसने एक अभिभावक की तरह चुपचाप और लगातार मेरा साथ दिया। मैंने उसी दिन खुद से वादा किया था कि पीछे मुडकऱ नहीं देखूंगी।
जब लोगों ने कहना शुरू किया कि मेरा भविष्य अंधकारमय है या मैं दूसरों पर बोझ बन जाऊंगी, तो मुझे तकलीफ हुई, लेकिन इससे मेरा संकल्प और मजबूत हुआ। मैं बेहद दृढ़ हो गई थी। मैं बस दोबारा उठना और आगे बढऩा चाहती थी। मेरे लिए हार मानकर पड़े रहना कभी विकल्प नहीं था। मैंने तय किया कि जो कुछ मैंने खोया है, उस पर ध्यान देने के बजाय इस बात पर ध्यान दूंगी कि अब भी क्या-क्या कर सकती हूं। शिक्षा मेरे आगे बढऩे का रास्ता बनी। हादसे के बाद मुझे कई चीजें नए सिरे से सीखनी पड़ीं। मैंने अपनी शारीरिक चुनौतियों के अनुरूप पढऩे और लिखने के तरीके विकसित किए। दसवीं की परीक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक का सफर मेरे लिए आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की यात्रा रहा। सिर्फ तीन महीने की तैयारी के बाद दसवीं की परीक्षा देना और 97 प्रतिशत अंक हासिल करना मेरे लिए खुद को यह साबित करने जैसा था कि मैं अब भी अपना जीवन संवार सकती हूं। मैंने दिल्ली स्कूल ऑफ सोशल वर्क से स्नातक के बाद मास्टर डिग्री हासिल की और मद्रास स्कूल ऑफ सोशल वर्क से एमफिल और पीएचडी पूरी की। मेरा मानना है कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी सोच और संभावनाओं को विस्तार देने का रास्ता है।
मैं यह नहीं कहती कि हादसा आसान था या उससे जुड़ा दर्द खत्म हो गया। लेकिन समय के साथ मैंने अपने जीवन को एक अलग नजरिए से देखना सीखा। इस अनुभव ने मुझे अपनी क्षमताओं, सीमाओं और समाज की सोच को गहराई से समझने का अवसर दिया। शायद अगर यह सब नहीं हुआ होता, तो मैं एक सामान्य जीवन जी रही होती और दिव्यांगजनों के अधिकारों के लिए इस तरह काम नहीं कर पाती। आज मैं अपने अनुभवों को समाज में जागरूकता लाने और दूसरों को प्रेरित करने के लिए इस्तेमाल करना चाहती हूं।
शुरुआत में जब बच्चे और किशोर मुझसे मिलते थे, तो उनके मन में मेरी दिव्यांगता को लेकर कई सवाल होते थे। उनकी जिज्ञासा और सहज व्यवहार ने मुझे सोचने पर मजबूर किया कि युवाओं को दिव्यांगता, उनके अधिकारों और समावेशिता के बारे में शिक्षित करना कितना जरूरी है। आज भी लोग मुझे देखकर दया जताते हैं। कई बार यह दया शारीरिक चुनौतियों से भी ज्यादा भारी महसूस होती है। अगर समाज रैंप, सुलभ शौचालय, कार्यस्थलों पर लचीली व्यवस्थाओं और अलग-अलग शारीरिक जरूरतों के अनुकूल कपड़ों को किसी विशेष सुविधा के बजाय सामान्य जरूरत माने, तो बहुत कुछ बदल सकता है। हमें यह भी समझना होगा कि हर व्यक्ति की दिव्यांगता और जरूरत अलग होती है। इसलिए सहायक उपकरणों और सुविधाओं के लिए एक ही व्यवस्था सभी पर लागू नहीं की जा सकती। जो चीज मेरे लिए उपयोगी है, जरूरी नहीं कि वह किसी दूसरे व्यक्ति के लिए भी उतनी ही कारगर हो। वास्तविक समावेशिता का अर्थ है कि हम दिव्यांगजनों की व्यक्तिगत जरूरतों को सुनें और समझें, न कि यह मान लें कि हमें पहले से पता है कि उन्हें क्या चाहिए। इसके लिए हमें दिव्यांगता के सामाजिक मॉडल को अपनाना होगा। यह मॉडल समस्या को केवल व्यक्ति की शारीरिक स्थिति में नहीं, बल्कि समाज द्वारा बनाई गई बाधाओं में देखता है। जब हम अपने स्थानों, व्यवस्थाओं और सोच को इस तरह विकसित करेंगे कि ये बाधाएं दूर हों, तभी दिव्यांगजन बिना बुनियादी सुविधाओं के लिए लगातार संघर्ष किए समाज में पूरी भागीदारी निभा सकेंगे। मैं चाहती हूं कि दिव्यांगता को दया या सहानुभूति के नजरिए से देखने के बजाय समानता, अधिकार और सम्मान के नजरिए से समझा जाए। सबसे पहले हमें दिव्यांगता को देखने का नजरिया बदलना होगा। किसी व्यक्ति की पहचान उसकी दिव्यांगता से नहीं, बल्कि उसकी क्षमताओं, विचारों और व्यक्तित्व से होनी चाहिए। समाज में अक्सर दया दिखाई जाती है, जबकि जरूरत सम्मान, समान अवसर और सुविधाओं की है। सार्वजनिक स्थानों, शिक्षण संस्थानों, कार्यस्थलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म को सभी के लिए सुलभ बनाना जरूरी है। वास्तविक समावेशिता तभी आएगी, जब दिव्यांगजनों को किसी विशेष सुविधा के लिए संघर्ष न करना पड़े, बल्कि वे भी दूसरों की तरह सहजता से हर क्षेत्र में भागीदारी निभा सकें।
हादसे के बाद कई वर्षों तक मैं अपने हाथों को पूरी आस्तीन वाले कपड़ों के पीछे छिपाती रही। उस समय फैशन की दुनिया मुझे अपने से दूर लगती थी। फिर मुझे चेन्नई में एनआईएफटी और एबिलिटी फाउंडेशन के लिए शोस्टॉपर के रूप में रैंप पर चलने का अवसर मिला। डिजाइनरों ने ऐसे कपड़े तैयार किए, जिनमें मेरे कृत्रिम हाथ और मेरे द्वारा पहने जाने वाले स्प्लिंट्स का भी ध्यान रखा गया था। मैंने इस अवसर को तुरंत स्वीकार किया, क्योंकि यह इन्क्लूसिव फैशन को बढ़ावा देने का अच्छा मंच था।यह अनुभव मेरे लिए बेहद खास और प्रभावशाली था। इसके बाद मैं कई बार रैंप पर चल चुकी हूं, जिनमें अमेरिका के फैशन शो भी शामिल हैं। हर बार इस अनुभव का मेरे लिए एक अलग अर्थ रहा। मुझे एहसास हुआ कि फैशन खूबसूरत होने के साथ-साथ व्यावहारिक भी हो सकता है। आज भी मैं सुलभ फैशन के लिए मॉडलिंग करती हूं, क्योंकि मैं चाहती हूं कि लोग समझें कि स्टाइल और उपयोगिता एक साथ हो सकते हैं। कपड़े ऐसे होने चाहिए, जो हमें सहजता से जीवन जीने में मदद करें, न कि सामान्य दिखने के लिए हमें संघर्ष करना पड़े। जब मैं अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती हूं, तो अक्सर सैकड़ों महिलाओं के संदेश आते हैं। वे कहती हैं कि वे मुझे देखकर प्रेरित होती हैं। उनका कहना होता है कि अगर मैं बिना छिपे और बिना झिझक अपनी तस्वीरें आत्मविश्वास के साथ साझा कर सकती हूं, तो वे भी ऐसा कर सकती हैं। ऐसी प्रतिक्रियाएं मुझे याद दिलाती हैं कि फैशन की दुनिया में प्रतिनिधित्व कितना महत्वपूर्ण है। मेरे लिए फैशन केवल खूबसूरत दिखने तक सीमित नहीं है। कपड़े ऐसे होने चाहिए, जो हर तरह के शरीर और जरूरतों के अनुकूल हों। फैशन में स्टाइल और सुविधा दोनों का महत्व है।
जब मेरे जैसे लोग रैंप पर चलते हैं या फैशन कैंपेन का हिस्सा बनते हैं, तो डिजाइनरों और ब्रांड्स को अपनी सोच बदलने के लिए प्रेरित होना पड़ता है। वे ऐसे सवालों पर विचार करने लगते हैं, जिनके बारे में पहले शायद नहीं सोचते थे। जैसे- क्या सीमित हाथों की क्षमता वाला व्यक्ति इस कपड़े को आसानी से पहन सकता है? क्या यह कृत्रिम हाथ या स्प्लिंट के साथ इस्तेमाल करने में सुविधाजनक होगा? प्रतिनिधित्व का अर्थ सिर्फ लोगों को दिखाई देना नहीं है, बल्कि इससे यह भी बदलता है कि फैशन इंडस्ट्री क्या और किसके लिए डिजाइन करती है। इससे दिव्यांग युवाओं को भी खुद को स्टाइलिश और आकर्षक व्यक्तित्व के रूप में देखने का अवसर मिलता है। धीरे-धीरे इंडस्ट्री दिव्यांगता को ऐसी चीज मानना बंद करती है, जिसे छिपाने की जरूरत हो।
मैं युवाओं को भाषण देने या उपदेश देने के बजाय अपने जीवन के अनुभव साझा करती हूं। जब मैं उन्हें बताती हूं कि आज भी मेरे पैरों में लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं, नसों में लकवे की समस्या है, मुझे फुट ड्रॉप के लिए ब्रेस और घुटनों के लिए ब्रेसेस पहनने पड़ते हैं, साथ ही गठिया और उससे जुड़ा दर्द भी झेलना पड़ता है, तो वे मेरी बात को अलग तरह से सुनते हैं। अक्सर लोग मान लेते हैं कि मेरी दिव्यांगता सिर्फ हाथों तक सीमित है, जबकि सच यह है कि मेरे पैरों की अपनी अलग चुनौतियां हैं, जिनका सामना मुझे रोज करना पड़ता है। युवा तब ज्यादा जुड़ाव महसूस करते हैं, जब उन्हें लगता है कि आप उपदेश देने के बजाय ईमानदारी से अपनी बात रख रहे हैं। मैं उनसे सवाल भी पूछती हूं और उन्हें अपनी बात कहने का अवसर देती हूं। लैंगिक समानता और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषय तब वास्तविक बनते हैं, जब युवा उन्हें अपनी जिंदगी से जोडकऱ देखते हैं, न कि केवल किताबी या सैद्धांतिक मुद्दों के रूप में। मैं चाहती हूं कि वे मेरी कहानी से बस इतना समझें कि जब जिंदगी मुश्किल लगने लगे और हार मानना ही एकमात्र रास्ता दिखाई दे, तब उन्हें याद आए कि हार मानना विकल्प नहीं है। मैं 13 साल की थी, दर्द में थी और लोगों ने कह दिया था कि मेरा कोई भविष्य नहीं है। फिर भी मैंने आगे बढऩे का फैसला किया। यह फैसला वे भी कर सकते हैं। हालात कितने भी कठिन क्यों न हों, वहीं रुक जाना समाधान नहीं है। हमें लगातार उठकर आगे बढ़ते रहना चाहिए।
मैं कई वर्षों से पोस्ट ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (पीटीएसडी) और एंग्जायटी के साथ जी रही हूं। हादसे के बाद शारीरिक रूप से ठीक होना एक चुनौती थी, लेकिन उसका भावनात्मक असर मुझ पर उससे कहीं ज्यादा लंबे समय तक रहा। काफी समय तक मैंने इस बारे में किसी से बात नहीं की, क्योंकि मुझे लगता था कि लोग मेरे कटे हुए हाथों को ही मेरी पूरी समस्या समझेंगे। जबकि मानसिक और भावनात्मक संघर्ष भी उतने ही वास्तविक होते हैं, भले ही वे दिखाई न दें। समय के साथ मैंने सीखा कि अपनी भावनाओं और मानसिक चुनौतियों को स्वीकार करना कमजोरी नहीं है। सुरक्षित माहौल में इनके बारे में खुलकर बात करने से मुझे बेहतर तरीके से इनसे निपटने में मदद मिली है। हमें समाज में ऐसी ईमानदार बातचीत को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति अपनी परेशानी में खुद को अकेला महसूस न करे।
कई विद्यार्थी शुरुआत में दिव्यांगता को एक दूर की या दुखद स्थिति के रूप में देखते हैं। लेकिन सत्र के बाद उनमें से बहुत से लोग इसे व्यक्तिगत सीमाओं के बजाय सामाजिक बाधाओं और लोगों के रवैये से जोडकऱ समझने लगते हैं। कुछ विद्यार्थी बताते हैं कि उन्होंने इससे पहले कभी यह नहीं सोचा था कि सार्वजनिक स्थानों और संस्थानों में सुलभता कितनी जरूरी है। अब वे अपने कॉलेज या कार्यस्थल को इस नजरिए से देखने की बात करते हैं कि क्या वहां हर व्यक्ति आसानी से आ-जा और काम कर सकता है। उनमें सवाल पूछने और पुरानी धारणाओं को चुनौती देने की इच्छा दिखाई देती है, जो मुझे उम्मीद देती है। बदलाव धीरे-धीरे आता है, लेकिन सत्र के बाद उनके सवालों में यह बदलाव साफ नजर आता है। मुझे सबसे ज्यादा खुशी तब होती है, जब युवा बातचीत के बाद मेरे पास आते हैं और कहते हैं कि मेरी जीवन यात्रा सुनकर उन्हें मजबूती मिली है। वे बताते हैं कि अब उन्होंने अपनी परेशानियों के सामने हार न मानने का फैसला किया है। मेरे लिए यह कभी अपनी उपलब्धियों की बात नहीं होती, बल्कि यह इस एहसास की बात है कि मुश्किलों के बावजूद आगे बढऩे का विकल्प हमेशा मौजूद रहता है।
सबसे पहले खुद के प्रति थोड़ा दयालु बनना सीखें। हममें से ज्यादातर लोग मुश्किल दौर से गुजरते समय खुद पर और ज्यादा दबाव डालने लगते हैं, जबकि इससे परेशानी और बढ़ सकती है। यह बिल्कुल ठीक है कि आप कुछ समय के लिए धीमे हो जाएं, दूसरों से मदद मांगें और आराम को भी अपनी जरूरत का हिस्सा समझें। मैं लोगों से कहती हूं कि एक साथ सब कुछ ठीक करने की कोशिश करने के बजाय छोटे और आसान कदमों पर ध्यान दें। अगर पेशेवर मदद उपलब्ध है, तो उसे लेने में संकोच न करें। किसी प्रशिक्षित विशेषज्ञ से बात करना वास्तव में बड़ा बदलाव ला सकता है। आपको हर परेशानी अकेले उठाने की जरूरत नहीं है।
ये सम्मान मेरे लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से कहीं ज्यादा एक बड़ी जिम्मेदारी हैं। नारी शक्ति पुरस्कार ने मुझे यह एहसास कराया कि दिव्यांगजनों के अधिकारों और समावेशिता के लिए किए जा रहे प्रयासों को व्यापक स्तर पर पहचान मिल रही है। तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए यादगार अनुभव था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर भी मिला। मैं इन सम्मानों को अपने काम को और आगे बढ़ाने की प्रेरणा के रूप में देखती हूं। मेरा प्रयास है कि दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान और समान अवसरों की बात ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।
मेरे जीवन पर आधारित ग्राफिक नॉवेल 'माई', जिसे श्रीराम जगन्नाथन ने तैयार किया है, मेरे लिए एक विशेष पहल है। इसमें मेरे बचपन से लेकर अब तक के सफर को दर्शाया गया है। मुझे लगता है कि कहानियां लोगों तक पहुंचने का प्रभावी माध्यम होती हैं। खासकर बच्चों और युवाओं के लिए ग्राफिक नॉवेल जैसे माध्यम किसी विषय को समझना आसान बनाते हैं। अगर मेरी कहानी किसी एक व्यक्ति को भी अपनी मुश्किलों से लडऩे और आगे बढऩे की प्रेरणा दे सके, तो यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात होगी।
मैं चाहती हूं कि समावेशिता कोई असाधारण व्यवस्था नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का सामान्य हिस्सा बने। हमारे शहर, स्कूल, कार्यस्थल और डिजिटल प्लेटफॉर्म इस तरह डिजाइन किए जाएं कि दिव्यांगजनों को बुनियादी सुविधाओं के लिए बार-बार संघर्ष न करना पड़े। इसके साथ ही मैं चाहती हूं कि परिवारों और कार्यस्थलों में मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करना सामान्य हो। लोगों को इस विषय पर बात करने में शर्म या झिझक महसूस नहीं होनी चाहिए।
असफलता को अंतिम फैसला नहीं, बल्कि एक सीख के रूप में देखना चाहिए। हादसे के बाद मुझे कई छोटी-छोटी चीजें दोबारा सीखनी पड़ीं। जैसे खाना खाना या एक नए तरीके से लिखना। कई बार मैं इन कामों में असफल हुई, लेकिन हर बार मैंने इसे अपनी अक्षमता का प्रमाण मानने के बजाय अभ्यास का हिस्सा समझा। मुश्किलों के बाद दोबारा प्रयास करने की आदत विकसित करें। ऐसे लोगों के बीच रहें, जो आपको किसी एक नतीजे या असफलता के आधार पर परिभाषित न करें। आत्मविश्वास तब बढ़ता है, जब आप हर परिस्थिति में खुद का साथ देते हैं और प्रयास जारी रखते हैं, भले ही परिणाम आपकी उम्मीद के मुताबिक न हों।
मैं सबसे पहले लोगों की दया जताने की आदत बदलना चाहूंगी। दया लोगों के बीच दूरी पैदा करती है और किसी व्यक्ति को बराबरी का दर्जा देने में बाधा बनती है। अगर हम दया की जगह सच्चा सम्मान और व्यावहारिक सहयोग देना शुरू कर दें, तो समाज की कई दूसरी बाधाएं भी अपने आप कम होने लगेंगी। लोग दिव्यांगता को केवल दुख या सहानुभूति का विषय मानने के बजाय व्यक्ति को उसकी क्षमताओं और व्यक्तित्व के साथ देखना शुरू करेंगे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allखास खबर




