श्रीगंगानगर. जैतसर स्थित खुला बंदी शिविर में भांभू कॉलोनी तिहरा हत्याकांड में सजा भुगत रहे एक सजायाफ्ता कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उसे राजकीय चिकित्सालय पदमपुर में भर्ती करवाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद केंद्रीय कारागृह प्रशासन ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रीगंगानगर को पत्र भेजकर बंदी की मृत्यु के कारणों की न्यायिक जांच करवाने और पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी करवाने का आग्रह किया है। केंद्रीय कारागृह के जेल अधीक्षक महावीर मीणा ने बताया कि मृतक बंदी की पहचान लालचंद उर्फ लालिया (51) पुत्र राजू उर्फ कचरू के रूप में हुई है। वह श्रीगंगानगर की भांभू कॉलोनी में बाबादीप सिंह गुरुद्वारे के पीछे रहता था। यह बंदी 25 जुलाई 2026 से जैतसर स्थित खुला बंदी शिविर में सजा भुगत रहा था।