18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Sri Ganganagar / Rajasthan: ‘जिस खेत में सीमा पार से गिरी नशा की खेप… कब्जे में लेगी सरकार’, पुलिस ने जिला कलक्टर को भेजा प्रस्ताव

Rajasthan: ‘जिस खेत में सीमा पार से गिरी नशा की खेप… कब्जे में लेगी सरकार’, पुलिस ने जिला कलक्टर को भेजा प्रस्ताव

राजस्थान में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप मंगवाने वाले तस्करों पर अब उनकी जमीन के जरिए भी शिकंजा कसने की तैयारी है। श्रीगंगानगर के घड़साना में 10.5 किलो हेरोइन की खेप जिस खेत में गिराई गई थी, उसके मालिक की कृषि भूमि को सरकार के अधीन लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

श्री गंगानगर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 18 Nov 2026, 8:41 PM IST

sri ganganagar

Sriganganagar: हेरोइन तस्करी की सांकेतिक तस्वीर- पत्रिका

श्रीगंगानगर। सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन और हथियारों की खेप मंगवाने वालों के लिए अब खेत को सुरक्षित ठिकाना बनाना भी भारी पड़ सकता है। नशे की खेप जिस खेत में गिराई जाएगी, उसके मालिक की तस्करी में संलिप्तता साबित होने पर उसकी कृषि भूमि सरकार के अधीन लेने की कार्रवाई शुरू हो सकती है। इसी कड़ी में श्रीगंगानगर पुलिस ने घड़साना क्षेत्र में 10.5 किलोग्राम हेरोइन की खेप मंगवाने के मामले में एक आरोपी की कृषि भूमि को रकबा राज घोषित करने का प्रस्ताव जिला कलक्टर को दिया है।

यह जिले में इस तरह की कार्रवाई की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रस्ताव पर राजस्थान काश्तकारी अधिनियम, 1955 की धारा 177 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यानी जिस जमीन का इस्तेमाल सीमा पार से नशे की खेप मंगवाने के लिए किया गया, उसी जमीन पर आरोपी का मालिकाना हक संकट में पड़ सकता है।

खेत में उतरी थी नशे की खेप

मामला जून 2026 का है। घड़साना क्षेत्र के सीमा क्षेत्र के एक खेत में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए 10.5 किलोग्राम हेरोइन के पैकेट गिराए गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेरोइन बरामद की। जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि इस मामले में सलेमपुरा निवासी जसविंद्र सिंह, उसकी पत्नी नवजोत कौर तथा लुधियाना निवासी धर्मेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था। जांच में जसविंद्र सिंह उर्फ जस्सी की मुख्य भूमिका सामने आई। हेरोइन की खेप उसी के खेत में गिराई गई थी। इसके बाद उसकी कृषि भूमि को रकबा राज घोषित करने का प्रस्ताव तैयार किया।

बंटवारे में भी हो गया खेल

इस पूरे प्रकरण का एक और दिलचस्प पहलू भी सामने आया था। हेरोइन की खेप के बंटवारे के दौरान हनुमानगढ़ जिले के नोहर क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर 1.5 किलोग्राम हेरोइन लेकर फरार हो गया था। यानी सीमा पार से आई खेप को ठिकाने लगाने और आगे बांटने के दौरान तस्करों के बीच भी हिस्सेदारी का खेल चल रहा था। पुलिस की इस पहल का संदेश साफ है कि सीमा पार से नशा मंगवाने के लिए खेतों का इस्तेमाल करने वालों पर अब केवल गिरफ्तारी और मुकदमे तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। तस्करी में संलिप्तता सामने आने पर उनकी कृषि भूमि भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकती है।

जिला कलक्टर क्या बोले?

'पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त प्रस्ताव उपखंड मजिस्ट्रेट घड़साना की कोर्ट में प्रक्रियाधीन है। वहीं आरोपी की भूमि को काश्तकारी अ​धिनियम की धारा 177 के तहत रकबा राज घो​षित करेंगे।' -डॉ. ​अमित यादव, जिला कलक्टर, श्रीगंगानगर

यह वीडियो भी देखें :