जयपुर

Jaipur Heavy Rain: जयपुर में मानसून मेहरबान, 32 में से 7 बांधों पर चली चादर; इस बांध में आया पहली बार पानी

Jaipur Rain: जयपुर में लगातार बारिश का दौर चलने से राजधानी के 32 बांधों में से 18 बांधों में पानी आया गया है। जबकि इन 7 बांधों में 6 इंच तक पानी की चादर चल गई है।
2 min read
• •
Updated: 5 Aug 2024, 7:51 AM IST
Feature image

जयपुर में बांधों के लिए इस बार मानसून खुशियों का मानसून साबित हो रहा है। बीते तीन दिन झमाझम बारिश के बाद कानोता समेत सात बांध ओवर फ्लो हो गए हैं और इन पर चादर चल रही है। वहीं खास बात यह भी है कि 26 फीट भराव क्षमता वाले फुलेरा स्थित कालख सागर बांध में 12 साल बाद पहली बार पानी की आवक हुई है। बांध में तीन दिन की बारिश के दौरान चार फीट पानी की आवक हुई है। उधर जिले के बांध भरे तो शहर के लोग कानोता समेत अन्य बांधों पर पहुंचने लगे हैं और मानसून उत्सव मना रहे हैं।

जिले में 32 बांध- अब 18 बांध में पानी

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जयपुर जिले में 32 बांध हैं। मानसून सीजन में बारिश की झमाझम के बाद 18 बांध में पानी की आवक हुई है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी पूरे अगस्त में मानसून सक्रिय रहेगा और बांधों में पानी की आवक होगी। बांधों में पानी के आने में कोई रुकावट नहीं हो इसके लिए कई जगह बहाव क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण भी हटाए गए हैं।

वाटर टूरिज्म शुरू करने की हुई थी बातें

जयपुर जिले के कानोता और नेवटा बांध पर वाटर टूरिज्म को बढ़ावा देने की बातें पर्यटन निगम के अफसरों ने एक वर्ष पहले कही थीं। योजना के तहत इन दोनों बांधों पर हाई स्पीड बोटिंग, हाउस बोट, चौपाटी जैसी गतिविधियां शुरू करने की योजना बनी थी लेकिन दोनों ही बांधों पर इस दिशा में कोई काम आज तक नहीं हुआ है।

Updated on:
5 Aug 2024, 7:51 AM IST
Published on: