जयपुर

Good News: जयपुर-दिल्ली रूट पर नई ट्रेन ‘स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस’ की सौगात; रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

जैसलमेर से चलकर वाया जयपुर होते हुए शकूरबस्ती दिल्ली के बीच आज से नई स्पेशल रेलसेवा का संचालन शुरू हो गया है। एक दिसंबर से जैसलमेर एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा।
2 min read
Nov 29, 2025
Feature image
जयपुर- दिल्ली रूट पर स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू, पत्रिका फोटो

जैसलमेर से चलकर वाया जयपुर होते हुए शकूरबस्ती दिल्ली के बीच आज से नई स्पेशल रेलसेवा का संचालन शुरू हो गया है। रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज जैसलमेर रेलवे स्टेशन से जैसलमेर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एक दिसंबर से जैसलमेर एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने जैसलमेर से रवाना हुई नई ट्रेन का नाम स्वर्णनगरी एक्सप्रेस करने की घोषणा की। रेलमंत्री ने नए बन रहे स्टेशन का का जायजा भी लिया।

समारोह में ये रहे मौजूद

जैसलमेर स्टेशन पर आयोजित समारोह में रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह, सांसद बाड़मेर उम्मेदाराम बेनीवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

यह रहेगा टाइम टेबल

जैसलमेर-शकूरबस्ती (दिल्ली) एक तरफा उद्घाटन स्पेशल एक्सप्रेस रेल सेवा आज जैसलमेर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 04.30 बजे शकूरबस्ती (दिल्ली) पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में आशापुरा गोमट, रामदेवरा, फलौदी,मारवाड़ लोहावट, ओसियां, जोधपुर, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, फुलेरा, जयपुर, दौसा, अलवर, रेवाड़ी, गुरुग्राम व दिल्ली कैंट स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

एक दिसंबर से नियमित चलेगी ट्रेन

जैसलमेर एक्सप्रेस नियमित रेलसेवा गाड़ी संख्या 12249, शकूरबस्ती (दिल्ली)-जैसलमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस एक दिसंबर से प्रतिदिन शकूर बस्ती से प्रतिदिन शाम 5.10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 09.00 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 12250, जैसलमेर-शकूरबस्ती (दिल्ली) प्रतिदिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस 02 दिसंबर से जैसलमेर से रोजाना शाम 5.00 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 09.30 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, अलवर, दौसा, जयपुर, फुलेरा, नावां सिटी, कुचामन सिटी, मकराना, डेगाना, मेड़ता रोड, जोधपुर, ओसियां, मारवाड़ लोहावट, फलौदी, रामदेवरा व आशापुर गोमट स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में होंगे 16 कोच

जैसलमेर एक्सप्रेस उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा में 01 फर्स्ट एसी, 01 सेकंड एसी, 02 थर्ड एसी, 06 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी, 01 पॉवरकार व 01 गार्ड डिब्बों सहित कुल 16 डिब्बे जोड़े गए हैं।

जयपुर से दिल्ली के बीच अब 16 ट्रेनें

उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में विभिन्न स्टेशनों से रवाना होकर वाया जयपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाली 15 ट्रेनों का संचालन होता है। इनमें से 10 पैसेंजर ट्रेनों का संचा​लन नियमित होता है। वहीं अब जयपुर से दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी में एक और ट्रेन की सुविधा जयपुर शहर के लोगों को एक दिसंबर से नियमित मिलेगी।

Updated on:
29 Nov 2025 02:53 pm
Published on:
29 Nov 2025 09:30 am