जयपुर

जयपुर केसर स्वीट्स विवाद: CMHO डॉ. मनीष मित्तल APO, लाइसेंस निलंबन के बाद भी बिकती रहीं मिठाइयां

जयपुर सीएमएचओ (सेकेंड) डॉ. मनीष मित्तल को गंभीर शिकायतों और केसर स्वीट्स प्रकरण में कथित लापरवाही के चलते एपीओ कर दिया गया है। वहीं, राजस्थान हाईकोर्ट ने केसर स्वीट्स का फूड लाइसेंस निलंबित करने के आदेश पर रोक लगाकर सरकार से दो सप्ताह में जवाब मांगा है।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 9:50 PM IST
jaipur kesar sweets row cmho manish mittal apo
डॉ. मनीष मित्तल (फोटो सोशल मीडिया)

Jaipur CMHO Dr. Manish Mittal APO: स्वास्थ्य विभाग ने गंभीर शिकायतों और अनियमितताओं के मामले में जयपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO-2) डॉ. मनीष मित्तल को एपीओ कर दिया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (ग्रुप-2) विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश में डॉ. मित्तल के खिलाफ वित्तीय सहित अन्य गंभीर शिकायतें मिलने और उनकी जांच लंबित होने का हवाला दिया गया है।

इस कार्रवाई को हाल ही में सामने आए केसर स्वीट्स प्रकरण से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मिठाइयों के सैंपल में काजू कतली के असुरक्षित पाए जाने के बावजूद दुकान के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं होने और लाइसेंस निलंबित होने के बाद भी बिक्री जारी रहने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।

काजू कतली का सैंपल अनसेफ, फिर भी नहीं हुई तत्काल कार्रवाई

दरअसल, कुछ महीने पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जयपुर स्थित केसर स्वीट्स पर छापा मारकर काजू कतली समेत कई मिठाइयों के नमूने लिए थे। जांच में काजू कतली का सैंपल अनसेफ पाया गया था। इसके बावजूद करीब डेढ़ महीने तक मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आई। मामला उजागर होने के बाद 26 अक्टूबर 2026 को दुकान का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। हालांकि, लाइसेंस निलंबित होने के बाद भी दुकान से मिठाइयों की बिक्री जारी रही। इसको लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए।

स्वास्थ्य मंत्री तक पहुंची शिकायत, तब दुकान को किया सीज

लाइसेंस निलंबित होने के बावजूद दुकान का संचालन जारी रहने की शिकायत स्वास्थ्य मंत्री तक पहुंची। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जयपुर सीएमएचओ प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के बाद सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने टीम को मौके पर भेजा।

टीम ने केसर स्वीट्स पहुंचकर दुकान पर ताला लगाया और उसे सीज कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम में कार्रवाई में देरी और अधिकारियों की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठते रहे। अब सरकार ने डॉ. मनीष मित्तल को सीएमएचओ के पद से हटाकर एपीओ कर दिया है। डॉ. मित्तल मई 2025 से जयपुर सीएमएचओ सेकंड के पद पर कार्यरत थे।

एपीओ रहने तक निदेशक जनस्वास्थ्य कार्यालय में देनी होगी उपस्थिति

विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, एपीओ अवधि के दौरान डॉ. मनीष मित्तल को जयपुर स्थित निदेशक (जनस्वास्थ्य) कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। उनके खिलाफ प्राप्त शिकायतों और विचाराधीन जांच को इस प्रशासनिक कार्रवाई का आधार बताया गया है।

हाईकोर्ट ने लाइसेंस निलंबन के आदेश पर लगाई रोक

दूसरी ओर, केसर स्वीट्स प्रकरण में फूड लाइसेंस निलंबन को लेकर कानूनी मोर्चे पर भी नया घटनाक्रम सामने आया है। राजस्थान हाईकोर्ट ने केसर काजू कतली बनाने वाली जयपुर की कंपनी द डिवाइन टेस्ट प्राइवेट लिमिटेड को राहत दी है। जस्टिस आनंद शर्मा की एकलपीठ ने खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से 26 अक्टूबर 2026 को जारी लाइसेंस निलंबन आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह में जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं।

कंपनी मालिक ने हाईकोर्ट में दी थी चुनौती

द डिवाइन टेस्ट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक दलजीत सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग के लाइसेंस निलंबन आदेश को चुनौती दी थी। याचिका पर सुनवाई के बाद अदालत ने निलंबन आदेश के क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा है। इस तरह केसर स्वीट्स प्रकरण में एक ओर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पर कार्रवाई हुई है। वहीं, दूसरी ओर कंपनी को हाईकोर्ट से लाइसेंस निलंबन के मामले में अंतरिम राहत मिली है।

Updated on:
6 Nov 2026, 9:50 PM IST
Published on: