
जयपुर। जयपुर की पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने आमोर रेजीडेंसी के फ्लैट में महिला की हत्या के मामले में आरोपी युवराज सिंह उर्फ दीपक को गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। पुलिस से बचने के लिए वह दिल्ली, आगरा और भरतपुर में बसों से घूमता रहा। पुलिस ने आरोपी को भरतपुर के बी. नारायण गेट से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतका मोना जाटव और आरोपी युवराज सिंह उर्फ दीपक करीब एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। आरोपी ने पूछताछ में किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने के शक में मोना की हत्या करना कबूल किया है।
बता दें कि पत्रकार कॉलोनी थाना इलाके में सोमवार सुबह कमरे में महिला का शव मिला था। भरतपुर निवासी मोना (35) पत्रकार कॉलोनी स्थित एक किराए के फ्लैट में भरतपुर निवासी युवराज के साथ रह रही थी। दोनों टिफिन सेंटर चलाकर गुजारा करते थे। रविवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में युवराज ने मोना की हत्या कर दी थी और शव को फ्लैट में छोड़कर फरार हो गया था।
वारदात के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और पुलिस से बचने के लिए लगातार बसों में सफर कर रहा था। आरोपी चार दिन तक दिल्ली, आगरा और भरतपुर की बसों में घूमता रहा। आरोपी युवराज गुरुवार रात को दिल्ली भागने की फिराक में था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने आरोपी को भरतपुर के बी नारायण गेट से गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी लिव-इन पार्टनर मोना जाटव की हत्या करना कबूल किया है। आरोपी ने बताया कि उसे काफी समय से मोना के किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। दूसरे व्यक्ति से अफेयर होने के शक में हुए झगड़े के बाद आरोपी ने मोना की हत्या कर दी।
मृतका मोना शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे हैं। उसका करीब आठ साल का बड़ा बेटा ननिहाल में रहता है, जबकि पांच साल का छोटा बेटा उसके साथ रहता था। वहीं, युवराज भी पहले से शादीशुदा है। उसकी पत्नी उससे अलग रहती है और उनके भी दो बच्चे हैं। पत्नी से अलग रहने के बाद युवराज महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।