
भारतीय जनता पार्टी के सुनील कोठारी जयपुर नगर निगम के नए मेयर होंगे। जयपुर नगर निगम के महापौर चुनाव के परिणाम आ चुके हैं और सुनील कोठारी ने शानदार जीत दर्ज की है। लालकोठी स्थित नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को संपन्न हुए मतदान के बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर को हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा के स्पष्ट संख्याबल और रणनीतिक किलेबंदी के चलते सुनील कोठारी ने महापौर की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। भाजपा उम्मीदवार सुनील कोठारी को 89 जबकि कांग्रेस की सुनीता मावर को 60 वोट हासिल हुए।
जयपुर नगर निगम के कुल 150 वार्डों में से भाजपा के पास पहले से ही 78 पार्षदों का मजबूत बहुमत था, जो जादुई आंकड़े 76 से दो अधिक था। मतदान प्रक्रिया पूरी होने और तुरंत बाद हुई मतगणना में यह स्पष्ट हो गया कि पार्टी का आंतरिक अनुशासन और संख्याबल पूरी तरह सुरक्षित रहा। कांग्रेस पार्टी की ओर से अनुभवी पार्षद सुनीता मावर ने मैदान में उतरकर कड़ा मुकाबला देने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी खेमे में सेंध लगाने की उनकी रणनीति सफल नहीं हो सकी।
जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद भाजपा खेमे और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। नवनिर्वाचित महापौर सुनील कोठारी ने इस जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी की नीतियों की जीत बताया है। इस परिणाम के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही बाड़ेबंदी, अटकलों और राजनीतिक उठापटक का दौर समाप्त हो गया है और गुलाबी नगरी को नया प्रथम नागरिक मिल गया है।
विधायक अमीन कागज़ी बोले: बीजेपी डरी हुई है। इनके नेताओं को अंदर जाने दे रहे है और हमे रोका जा रहा है। शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा भी पहुंचे हैं निगम
BJP सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि बौखलाहट में इस तरह की हरकत कर रहे हैं कांग्रेस नेता। उनको किसी ने बैठने से नहीं रोका
जयपुर नगर निगम के कुल 150 वार्डों के चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो राजनीतिक दलों की स्थिति बेहद स्पष्ट है, लेकिन अंदरखाने चल रही रणनीतियों ने मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया है।
भारतीय जनता पार्टी (BJP): पार्टी ने किशनपोल क्षेत्र के वार्ड 112 से नवनिर्वाचित पार्षद और जाने-माने ज्वेलर सुनील कोठारी को अपना मेयर उम्मीदवार बनाया है। भाजपा के पास अपने 78 पार्षद हैं, जो बहुमत के जादुई आंकड़े (76) से दो अधिक हैं। पार्टी नेताओं का दावा है कि उनके पास शुरुआती दौर से ही 6 निर्दलीयों का समर्थन प्राप्त है, जिससे उनका कुल संख्याबल 84 तक पहुंचता है। भाजपा खेमा 100 से अधिक मत मिलने का दावा कर रहा है।
इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC): कांग्रेस पार्टी ने आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 118 की वरिष्ठ और अनुभवी पार्षद सुनीता महावर को अपना आधिकारिक मेयर उम्मीदवार मैदान में उतारा है। कांग्रेस के पास अपने 57 पार्षद हैं। पार्टी का मानना है कि राजनीति में केवल अंकगणित नहीं बल्कि 'रसायन विज्ञान' काम करती है। कांग्रेस को उम्मीद है कि वे निर्दलीयों और भाजपा खेमे के असंतुष्ट पार्षदों में सेंधमारी कर बहुमत के आंकड़े तक पहुंच सकते हैं।
15 निर्दलीय पार्षद: इस पूरे चुनाव में 15 निर्दलीय पार्षद 'किंगमेकर' की भूमिका में हैं। दोनों ही दल इन निर्दलीय पार्षदों को अपने पाले में लाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा चुके हैं।
जयपुर नगर निगम मुख्यालय लालकोठी में होने वाले इस मतदान को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुबह 10 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें सभी 150 निर्वाचित पार्षद अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान गुप्त मतदान प्रणाली के तहत होगी, यही वजह है कि इसे पार्षदों की 'गुप्त परीक्षा' भी कहा जा रहा है, क्योंकि बाड़ेबंदी से बाहर आने के बाद कौन सा पार्षद किसके पक्ष में वोट डालता है, यह केवल मतपेटी खुलने के बाद ही पता चलेगा।
चुनाव से ठीक पहले तक भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपने-अपने पार्षदों को एकजुट रखने के लिए कड़ी बाड़ेबंदी की थी। जहां एक तरफ भाजपा अपने 78 पार्षदों के मूल संख्याबल को सुरक्षित रखने की चुनौती से जूझ रही है, वहीं कांग्रेस के सामने अपने 57 पार्षदों को बांधे रखने के साथ-साथ विपक्षी खेमे में उलटफेर करने की आखिरी उम्मीद है। दोपहर 2 बजे मतदान समाप्त होने के बाद जब मतपेटियां खुलेंगी, तब पता चलेगा कि सियासत की इस बिसात पर किसकी रणनीति सफल हुई है।