जयपुर

जयपुर में हुई मीणा समाज की महिला पंचायत, कई कड़े फैसले लिए गए, लागू करने की खाई कसम

Rajasthan News : जयपुर में हुई मीणा समाज की महिला पंचायत। मीणा समाज में सुधार के कई फैसले लिए गए। सामाजिक आयोजनों में शराब पर प्रतिबंध लगाया गया। साथ ही दहेज वाली शादियों का बहिष्कार होगा। जानें और भी फैसले लिए गए।

less than 1 minute read
Jaipur Meena Samaj Mahila Panchayat Took Many Tough Decisions Vowed to implement them at Home

Rajasthan News : जयपुर में आदिवासी मीणा महिला विकास संघ के तत्वावधान में रविवार को जवाहर सर्कल के पास महिला पंचायत हुई। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से पारंपरिक वेशभूषा में आई महिलाएं लोकगीत गाते हुए पहुंचीं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने सहित समाज सुधार के लिए कई अहम फैसले लिए गए।

तलाक मामलों में कमी लाने के लिए मिले कई सुझाव

प्रदेश संरक्षक डॉ. कुसुमलता मीणा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में सर्वससमति से जन्म-मृत्यु तथा विवाह से जुड़ी कई कुरीतियों पर प्रतिबंध लगाने तथा समाज में शिक्षा के स्तर में सुधार का निर्णय लिया गया। वैवाहिक विवाद के साथ ही समाज में तलाक के मामलों में कमी लाने के लिए भी पदाधिकारियों-अतिथियों ने कई सुझाव दिए। पौधरोपण अभियान चलाने तथा आदिवासी समाज की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प पारित किया गया।

सभी निर्णयों को घर-परिवार से लागू करने की कसम खाई

प्रदेशाध्यक्ष मंजू जैफ ने बताया कि पदाधिकारियों ने पंचायत में लिए गए सभी निर्णयों को घर-परिवार से लागू करने की शपथ ली। हीरा मीना, डॉ. आरती मीना, डॉ. सुमन व विमला मीना ने भी संबोधित किया।

यह लिए अहम निर्णय

1- सामाजिक आयोजनों में शराब उपलब्ध कराने पर प्रतिबंध।
2- व्यंजनों की अधिकतम संख्या 11।
3- फिजूलखर्ची पर रोक।
4- शादी सहित अन्य समारोहों में बैठकर भोजन।
5- मृत्युभोज, छमाही तथा बरसी के आयोजन पर रोक।
6- दहेज वाली शादी का बहिष्कार।

Published on:
23 Dec 2024 02:28 pm