Jaipur News: कार में चार दोस्त सवार थे और उनमें से ही एक कार चला रहा था। घटना जयपुर स्टेट हाइवे पर गुरूवार देर रात की है। जमवारामगढ़ और आंधी थाना पुलिस केस की जांच कर रही है।
Jaipur News: राजधानी के ग्रामीण इलाके में देर रात करीब तीन बजे चलती कार में शराब पार्टी के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। उसे गोली मार दी गई। गोली सिर में लगी और उसने दम तोड़ दिया। खून से लथपथ हालात में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हत्या के आरोप में एक दोस्त को हिरासत में लिया गया है बाकि की तलाश की जा रही है। कार में चार दोस्त सवार थे और उनमें से ही एक कार चला रहा था। घटना जयपुर स्टेट हाइवे पर गुरूवार देर रात की है। जमवारामगढ़ और आंधी थाना पुलिस केस की जांच कर रही है।
जमवारामगढ़ पुलिस ने बताया कि गोली लगने से खसानों की ढाणी लाली जमवारामगढ़ निवासी मुकेश गुर्जर की मौत हो गई। मृतक मुकेश गुर्जर प्रॉपर्टी का कारोबार करता था। गुरुवार रात को सिर में गोली लगने पर मुकेश को लहूलुहान हालत में कार सवार दोस्त हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। रात करीब 3 बजे उसे गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती करवाकर तीनों दोस्त फरार हो गए। एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मुकेश की मौत हो गई। हॉस्पिटल प्रशासन की ओर से जमवारामगढ़ थाना पुलिस को गोली लगने से युवक की मौत की सूचना दी गई। मेडिकल सूचना पर हॉस्पिटल पहुंची जमवारामगढ़ थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को मॉर्च्युरी में रखवाया।
पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि गुरुवार रात को प्रॉपर्टी कारोबारी मुकेश अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने निकला था। आंधी स्टेट हाईवे पर चारों दोस्त चलती कार में शराब पार्टी कर रहे थे। शराब पार्टी के दौरान चली गोली मुकेश गुर्जर के सिर में जा लगी। जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने दो दोस्तों को राउंडअप कर लिया हैए तीसरे फरार साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस जांच कर रही है कि किसी रंजिश में आकर गोली मारी गई है या गलती से हुए फायर में मुकेश को गोली लगी है।