
Jaipur Murder News: जयपुर में मंगलवार सुबह संपत्ति विवाद को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना बनीपार्क थाना क्षेत्र में सुबह करीब 7:30 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, मंदिर जाने के लिए घर से निकले 65 वर्षीय श्याम बगानी पर उनके छोटे भाई मुरली बगानी (58) ने पहले लकड़ी से हमला किया और इसके बाद चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्याम को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बनीपार्क थाना SHO सुरेश यादव के मुताबिक, श्याम बगानी सुबह मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। वह घर के बाहर पहुंचे ही थे कि उनके छोटे भाई मुरली ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच विवाद था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मुरली बगानी पहले अमेरिका के बेलीज सिटी में रहता था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी अमेरिका में हैं। करीब 11 महीने पहले कारोबार में घाटा होने के बाद वह जयपुर लौट आया था। यहां वह अपना कारोबार कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही बनीपार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी मुरली बगानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।