
Jaipur Nagar Nigam Election New Update : राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग के जारी निर्देशों के अनुसार नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 09 के बूथ संख्या 111, वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 235, वार्ड संख्या 25 के बूथ संख्या 343 तथा वार्ड संख्या 34 के बूथ संख्या 477 एवं 484 पर पुनर्मतदान (फ्रेश पोल) कराया जाएगा। इन मतदान केन्द्रों पर 16 सितम्बर, 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक पुनर्मतदान होगा।
जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुनर्मतदान के लिए संबंधित मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। पुनर्मतदान के दौरान पूर्व मतदान में लगाई गई अमिट स्याही के निशान की उपेक्षा की जाएगी तथा मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। पुनर्मतदान में नए मतपत्रों का उपयोग किया जाएगा। संदेश नायक ने बताया कि संबंधित मतदान केन्द्रों पर पुनर्मतदान सम्पन्न होने के बाद 17 सितम्बर, 2026 को प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रारम्भ की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, इन मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण वोटिंग के बाद मतों का परिणाम प्राप्त नहीं हो सका था। इसी वजह से इन बूथों के परिणाम घोषित नहीं किए जा सके। मामले को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने इन 5 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला किया है। री-पोल के दौरान मतदाता पहले की तरह अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के संबंध में जारी आदेश के अनुसार नगर निगम जयपुर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन को आगामी आदेश तक स्थगित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि नगर निगम जयपुर के कुछ बूथों के परिणाम ईवीएम में तकनीकी खराबी होने के कारण जारी नहीं हो पाए हैं। उक्त नगरीय निकायों के परिणाम घोषित नहीं होने की स्थिति में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की निर्धारित तिथियों पर निर्वाचन कराया जाना संभव नहीं है।
संदेश नायक ने बताया कि आयोग के 19 अगस्त, 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 15 सितम्बर, 2026 तथा उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 22 सितम्बर, 2026 की तिथि निर्धारित की गई थी। अब आयोग के निर्देशानुसार नगर निगम जयपुर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन को आगामी आदेश तक स्थगित किया गया है।