जयपुर

आला अफसरों ने किया मौका मुआयना, बदल गए सीडब्ल्यूआर के दरवाजे

सिविल लाइन्स पंप हाउस के बदहाल सीडब्ल्यूआर के बदले दरवाजे
2 min read
Jun 21, 2018
PHED Office Civil Lins
आला अफसरों ने किया मौका मुआयना, बदल गए सीडब्ल्यूआर के दरवाजे

प्रमुख शासन सचिव के निर्देश के बाद मुख्य अभियंता मुख्यालय समेत अन्य अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

जयपुर। शहर के वीवीआईपी क्षेत्र सिविल लाइंस पंप हाउस के बदहाल सीडब्ल्यूआर के हालात अब बदलने वाले हैं। सीडब्ल्यूआर को लेकर विभाग के प्रमुख शासन सचिव की फटकार के बाद बुधवार को पंप हाउस का जायजा लेने मुख्य अभियंता मुख्यालय समेत सिटी सर्कल के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और सीडब्ल्यूआर के जर्जर दरवाजों को तुरंत प्रभाव से बदलवाने की कार्रवाई शुरू हुई है।

मालूम हो बीते सोमवार को न्यूज टुडे में 'वीपीआईपी सीडब्ल्यूआर 25 साल से साफ नहीं' शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर पंप हाउस की बदहाल दशा का खुलासा किया था। गौरतलब है कि बीते 25 साल से पंप हाउस के सीडब्ल्यूआर की सफाई एक बार भी नहीं हुई, जबकि पंप हाउस से शहर के वीवीआईपी इलाके को रोजाना पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। खबर प्रकाशित होने पर विभाग के प्रमुख शासन सचिव रजत कुमार मिश्र ने अधिकारियों को फटकार लगाई। इस पर बुधवार को मुख्य अभियंता मुख्यालय आईडी खान, अतिरिक्त मुख्य अभियंता जयपुर रीजन द्वितीय दिनेश कुमार सैनी, अधीक्षण अभियंता साउथ आरसी मीणा समेत अन्य जलदाय अफसरों ने मौका मुआयना किया और सीडब्ल्यूआर के क्षतिग्रस्त हो चुके दरवाजों को तुरंत बदलने के निर्देश दिए।

काले पड़े ब्लीचिंग बैग भी हटाए

अधिकारियों ने पंप हाउस में पड़े अवधिपार व खराब हो चुके ब्लीचिंग पाउडर के बैगों को हटवाया व वहां सफाई कराई। इससे पहले खराब हो चुका ब्लीचिंग पाउडर ही स्टोरेज टैंक में डाला जा रहा था। इस कारण पानी सही तरीके से साफ नहीं हो पा रहा था।

फिल्टर प्लांट भी दुरुस्त कराया
अधिकारियों ने जब मौका मुआयना किया तो वहां फिल्टर प्लांट भी बदहाल स्थिति में मिला। अधिकारियों ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर इसे भी दुरुस्त कराया। साथ ही कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए।

Published on:
21 Jun 2018 01:32 pm