टोंक

प्रोफ़ाइल पर दाऊद की फोटो लगा व्हाट्स एप पर मांग रहे थे फिरौती, जयपुर पुलिस के हत्थे चढ़े दो बदमाश

अधिक रुपए कमाने व मौज मस्ती करने के लिए डॉक्टर से 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। डॉक्टर को डराने के लिए वाट्सअप मैसेज किया था।
less than 1 minute read
• •
Updated: 6 Apr 2017, 9:40 AM IST
Feature image

जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने एक डॉक्टर से वाट्सअप मैसेज और ऑडियो भेजकर दस लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले दो बदमाशों को पकड़ा है।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मालवीय नगर में रहने वाले एक डॉक्टर ने थाने में मामला दर्ज करवाया था। जिसमें बताया कि एक शख्स ने उनके मोबाइल नंबर पर वाट्सअप मैसेज व ऑडियो मैसेज भेजा है, जिसमें दस लाख रुपए मांगे हैं।

पुलिस ने मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल व नाम पता लोकेशन के आधार पर भाटावाली कोठी, टीबो की ढाणी जामडोली में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कि तो उक्त नंबर विशाल मीना का बताया गया।

विशाल ने पूछताछ में बताया कि उसने सिम इंटरनेट चलाने के लिए अपने दोस्त शुभम कुमार को दी थी। पुलिस ने शुभम को जामडोली से पकड़ कर पूछताछ कि तो उसने बताया कि यह काम अपने दोस्त मालवीय नगर में रहने वाले दिलीप गणेशानी के साथ मिल यह साजिश रची।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि अधिक रुपए कमाने व मौज मस्ती करने के लिए डॉक्टर से 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। डॉक्टर को डराने के लिए वाट्सअप मैसेज किया था।

इसके साथ ही प्रोफाइल पर दाउद इब्राहिम की फोटो भी लगा रखी थी। पुलिस ने आरोपी जामडोली कानोता निवासी शुभम (20) और मालवीय नगर निवासी दिलीप गणेशानी (28) को गिरफ्तार किया है।

Published on: