जयपुर

Jaipur News: जयपुर में प्राइवेट यूनिवर्सिटी की 6th फ्लोर से कूदी छात्रा- दर्दनाक मौत, सामने आई बड़ी वजह!

Jaipur Suicide Case: जयपुर के शिवदासपुरा क्षेत्र में निजी यूनिवर्सिटी की छात्रा ने छठी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या। मृतका की पहचान यशस्वी के रूप में हुई, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 12:11 PM IST
crime scene
प्रतीकात्मक तस्वीर। सोर्स-Ai

जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित निजी विश्वविद्यालय परिसर से शनिवार सुबह एक दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ अध्ययनरत सेकंड ईयर की एक छात्रा ने विश्वविद्यालय की इमारत की छठी मंजिल से अचानक नीचे छलांग लगा दी। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण गंभीर चोटें आने से छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब परिसर में अन्य छात्र-छात्राएं और स्टाफ मौजूद था। छात्रा के इस तरह आत्मघाती कदम उठाने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया।

घटना की सूचना तुरंत स्थानीय शिवदासपुरा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और छात्रा के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के तुरंत बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियातन आसपास का पूरा एरिया खाली कराया और सभी विद्यार्थियों की छुट्टी घोषित कर दी। फिलहाल छात्रा के इस कठोर कदम के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

गुर्जर की थड़ी की रहने वाली थी मृतका, सेकंड ईयर में थी अध्ययनरत

पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान जयपुर शहर के गुर्जर की थड़ी इलाके में स्थित प्रेम नगर निवासी यशस्वी के रूप में हुई है। यशस्वी विश्वविद्यालय में सेकंड ईयर (द्वितीय वर्ष) की छात्रा थी और रोज की तरह शनिवार सुबह भी पढ़ाई के लिए आई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह 10 बजे के आसपास अचानक तेज आवाज के साथ छात्रा को इमारत के नीचे गिरते देखा गया। जब तक लोग मदद के लिए दौड़ते, तब तक छात्रा की सांसें थम चुकी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद तुरंत कराई गई कैंपस की छुट्टी, पुलिस कर रही कारणों की जांच

हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने घटनास्थल के चारों ओर घेराबंदी कर दी और परिसर में मौजूद विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए यूनिवर्सिटी में पूरे दिन की छुट्टी कर दी गई।

शिवदासपुरा थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल (FSL) टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के पास से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी गहनता से तलाशी ली जा रही है। छात्रा के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और दोस्तों से बातचीत की जांच की जा रही है।

पुलिस परिजनों और सहपाठियों के बयान दर्ज कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वह पिछले कुछ दिनों से किसी मानसिक तनाव, पढ़ाई के दबाव या व्यक्तिगत समस्या से जूझ रही थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और सभी पहलुओं से मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

Updated on:
31 Oct 2026, 12:11 PM IST
Published on: