जयपुर

Jaipur Accident CCTV : कैमरे में कैद हुई घटना, काल बनकर आया ट्रॉला, 3 बच्चों समेत 4 की मौत

सामने आए दो CCTV फुटेज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जिससे साफ पता चलता है कि ट्रॉला चालक बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है
2 min read
Jul 07, 2026
Jaipur Road Accident Out of Control Truck Hits Pedestrians at 200 Feet Bypass
Jaipur Accident : CCTV PIC

राजधानी जयपुर के श्याम नगर इलाके में स्थित व्यस्त 200 फीट बाईपास पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे के 2 खौफनाक CCTV फुटेज सामने आये हैं। इन वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रॉला सड़क किनारे खड़े लोगों की तरफ बढ़ता है और पल भर में ही उन्हें रौंद डालता है। टक्कर इतनी भीषण थी कि वहां मौजूद परिवार को संभलने का एक सेकंड का मौका भी नहीं मिला और ट्रॉला मासूम बच्चों समेत पूरे परिवार को रौंदते हुए आगे निकल गया। जिसने भी यह मंजर देखा उसकी रूह कांप गई।

इस दिल दहला देने वाले एक्सीडेंट में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर अब 4 हो गया है, जिसमें 3 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, वहीं 1 घायल महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

सामने आए दोनों CCTV फुटेज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जिससे साफ पता चलता है कि डंपर या ट्रॉला चालक बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।

CCTV वीडियो फुटेज 1

CCTV वीडियो फुटेज 2

तीन भाइयों की मौके पर मौत, पिता ने अस्पताल में दम तोड़ा

हादसे में परिवार के तीन मासूम बच्चों रमेश, रतन और दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि एक बच्चे का शव दूर नाले में जा गिरा, जबकि घटनास्थल पर खून और शवों के अवशेष बिखर गए। पुलिस ने शवों को एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना में बच्चों की मां कैलाशी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया जा रहा है और उनका उपचार एसएमएस अस्पताल में जारी है। वहीं पिता चंद्र प्रकाश को भी गंभीर घायल होने के बाद अस्पताल भेजा गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार कैलाशी के कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें से तीन की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घर पर होने के कारण सुरक्षित बच गए।

छोटे-मोटे सामान बेचकर चलता था परिवार का गुजारा

पुलिस के अनुसार परिवार मूल रूप से जेतपुरा का रहने वाला है और वर्तमान में गांधी पथ क्षेत्र में रह रहा था। परिवार मजदूरी के साथ चौराहों पर खिलौने, गुब्बारे, झाडू और अन्य छोटे.मोटे सामान बेचकर अपना जीवनयापन करता था। मंगलवार सुबह भी परिवार रोजी.रोटी की तलाश में अजमेर रोड पर पैदल जा रहा था, तभी दिल्ली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रोले ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

श्याम नगर थाने के एसआई रामेश ने बताया कि ट्रोले को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस हृदयविदारक हादसे ने एक गरीब परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Updated on:
07 Jul 2026 01:18 pm
Published on:
07 Jul 2026 11:34 am