
Jaipur Herapura Bypass Road Accident: जयपुर के अजमेर रोड स्थित 200 फीट बाईपास के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पीछे बैठी 19 साल की लड़की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि ठीक एक दिन पहले इसी जगह पर एक और भीषण हादसा हुआ था, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
मृतक लड़की की पहचान दौसा के गीजगढ़ निवासी भारती सैनी (19) के रूप में हुई है। भारती जयपुर के एक वेयरहाउस में काम करती थी। बुधवार दोपहर करीब 3:45 बजे उसने भांकरोटा जाने के लिए एक ऑनलाइन बाइक टैक्सी बुक की थी। बाइक चालक नवदीप उसे लेकर जैसे ही हीरापुरा बाईपास के पास पहुंचा, वहां चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण गाड़ियों की कतार लगी थी।
रास्ता निकालने के लिए नवदीप ने जैसे ही अपनी बाइक को दाईं तरफ मोड़ा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भारती सड़क के बीच में गिर गई और ट्रेलर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। भारती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक नवदीप बाईं ओर गिरने के कारण गंभीर चोटों के बावजूद बच गया। हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने पुलिस और प्रशासन के रवैए पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के तुरंत बाद सूचना देने के बावजूद पुलिस और एबुलेंस करीब डेढ़ घंटे की देरी से घटना स्थल पर पहुंची। इस बीच एक राहगीर ने इंसानियत दिखाते हुए अपने कपड़े से मृतका के क्षत-विक्षत शव को ढका। पुलिस ने बाद में घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और युवती के शव को मोर्चरी में रखवाया।
यह जगह अब एक खतरनाक 'ब्लैक स्पॉट' बन चुकी है। इससे ठीक एक दिन पहले यानी मंगलवार को इसी जगह पर एक अन्य बेलगाम ट्रेलर ने फुटपाथ पर सो रहे एक ही परिवार के 5 लोगों को रौंद दिया था। उस हादसे में तीन मासूम बच्चों और उनके पिता की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि मां के दोनों पैर टूट गए थे।
लगातार दो दिनों में पांच मौतों के बाद प्रशासन अब जागा है। जयपुर के डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल ने दोनों हादसों पर गहरा दुख जताया। उन्होंने स्वीकार किया कि यह पॉइंट काफी पेचीदा है, क्योंकि यहां शहर का ट्रैफिक और फ्लाईओवर से उतरने वाले वाहन एक साथ आकर मिलते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस, जेडीए और एनएचएआई के अधिकारी गुरुवार को संयुक्त रूप से इस जगह का निरीक्षण करेंगे। प्रशासन का दावा है कि रोड इंजीनियरिंग में जरूरी बदलाव कर इस पूरे कट को 'एक्सीडेंट फ्री' बनाया जाएगा।