जयपुर

SMS अस्पताल में महिला के सिर से 4 किलोग्राम का ट्यूमर निकाला, 30 वर्षीय महिला को मिली नई जिंदगी

सवाई मानसिंह अस्पताल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने एक जटिल सर्जरी कर 30 वर्षीय महिला के सिर से करीब 4 किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकालकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लंबे समय से इस गंभीर समस्या से जूझ रही महिला को अब राहत मिली है।

less than 1 minute read
May 03, 2026
SMS Hospital Jaipur
(फोटो- पत्रिका)

जयपुर। सवाई मानसिंह अस्पताल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने एक जटिल सर्जरी कर 30 वर्षीय महिला के सिर से करीब 4 किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकालकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लंबे समय से इस गंभीर समस्या से जूझ रही महिला को अब राहत मिली है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीज के परिजनों ने पहले कई निजी और सरकारी अस्पतालों में इलाज करवाने की कोशिश की, लेकिन ट्यूमर की जटिलता को देखते हुए अधिकांश जगह ऑपरेशन से इनकार कर दिया गया।

प्लास्टिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आर.के. जैन ने बताया कि मरीज के सिर पर ट्यूमर का आकार असामान्य रूप से बढ़कर उसके सिर से भी बड़ा हो गया था। ट्यूमर खोपड़ी की हड्डी को पार कर मस्तिष्क तक पहुंच चुका था, जिससे सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई थी।

इसके कारण मरीज को चलने-फिरने और सामान्य जीवन जीने में भी परेशानी हो रही थी। बाद में मरीज को एसएमएस अस्पताल लाया गया, जहां न्यूरोसर्जरी विभाग ने केस को प्लास्टिक सर्जरी विभाग को रेफर किया। यहां विशेषज्ञों की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर ट्यूमर निकाल दिया।

ऐसे मिली सफलता

डॉ. जैन के अनुसार, यह सर्जरी अत्यंत जटिल थी, लेकिन मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम के बेहतर समन्वय और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से इसे सफल बनाया गया। फिलहाल मरीज खतरे से बाहर है और उसकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।

टीम का रहा अहम योगदान

इस सर्जरी में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉ. अंकित गोयल, डॉ. सौरभ शर्मा, डॉ. दिलप्रीत, डॉ. अंकित और डॉ. संधू शामिल रहे। वहीं, न्यूरोसर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अशोक गांधी का विशेष सहयोग रहा। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. रजनी और डॉ. गोपाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Published on:
03 May 2026 06:28 pm