जयपुर

IPL 2026: जयपुर में शुक्रवार को IPL मैच, ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, जानें रूट प्लान

Jaipur IPL 2026 : सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार को होने वाले आईपीएल टी-20 मुकाबले के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला यह मैच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।

2 min read
Apr 30, 2026
Feature image
फाइल फोटो पत्रिका

जयपुर। सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार को होने वाले आईपीएल टी-20 मुकाबले के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला यह मैच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।

मैच के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। यूनिवर्सिटी गेट से यूनिवर्सिटी मोड़ टोंक रोड की ओर आने वाले सामान्य यातायात को जनता स्टोर से वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। टोंक रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर गांधी नगर मोड़ से गांधी सर्किल और आरबीआई कट से गणेश मंदिर की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

इसी तरह जेडीए चौराहे से रामबाग चौराहे की ओर आने वाले सामान्य वाहनों को गांधी सर्किल और त्रिमूर्ति सर्किल की ओर मोड़ा जाएगा। स्टैच्यू सर्किल से पोलो सर्किल की ओर जाने वाले यातायात को भी आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पंकज सिंहवी मार्ग से विधानसभा तिराहे के बीच भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

इन मार्गों पर रहेगा सबसे ज्यादा दबाव

मैच के दौरान गांधी नगर मोड़ से नारायण सिंह तिराहा तक टोंक रोड, जेडीए चौराहे से रामबाग चौराहा, पोलो सर्किल से 22 गोदाम तक भवानी सिंह रोड, स्टैच्यू सर्किल से पोलो सर्किल तक भगवान दास रोड, जनपथ, पंकज सिंहवी मार्ग और कलेक्ट्री मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है। ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से इन मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।

स्टेडियम के चारों ओर रहेगा नो-पार्किंग जोन

मैच के दौरान एसएमएस स्टेडियम के चारों ओर का पूरा क्षेत्र नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। गांधी नगर मोड़ से नारायण सिंह तिराहा, टोंक रोड, रामबाग सर्किल से 22 गोदाम सर्किल तक भवानी सिंह रोड, स्टैच्यू सर्किल से विधानसभा तिराहा, विधानसभा तिराहे से फ्रूट मंडी कट और टोंक रोड तक पंकज सिंहवी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

दर्शकों और वीआईपी के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था

वीआईपी वाहनों की पार्किंग स्टेडियम के अंदर साउथ ब्लॉक में की जाएगी। दक्षिणी गेट से प्रवेश करने वाले पासधारी वाहनों की पार्किंग आर्चरी ग्राउंड, तरणताल के पास और टेनिस ग्राउंड में होगी। पूर्वी गेट से आने वाले दर्शकों के वाहन सुबोध स्कूल और कॉलेज ग्राउंड रामबाग के पास पार्क किए जाएंगे। उत्तरी गेट से प्रवेश करने वाले दर्शकों के लिए हाईकोर्ट अंडरग्राउंड पार्किंग, एसएमएस इन्वेस्टमेंट ग्राउंड और अंबेडकर सर्किल के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। पश्चिमी गेट से आने वाले दर्शकों के वाहन अमरूदों के बाग में पार्क किए जाएंगे।

भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

क्रिकेट मैच समाप्त होने तक जयपुर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी। मैच के दौरान रोडवेज बसों का संचालन नारायण सिंह तिराहा, पृथ्वीराज टी-पॉइंट, पृथ्वीराज रोड, स्टैच्यू सर्किल, पार्क प्राइम और चौमूं हाउस चौराहे से किया जाएगा।

ओला-उबर और रैपिडो के लिए तय किए गए पिकअप-पॉइंट

मैच के दौरान दर्शकों की सुविधा के लिए कुछ निजी कंपनियों द्वारा वैलेट पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। ओला, उबर और रैपिडो के लिए अलग-अलग पिकअप और ड्रॉप पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। वेस्ट गेट और साउथ गेट के लिए अमरूदों का बाग, ईस्ट गेट के लिए सुबोध स्कूल पार्किंग और नॉर्थ गेट के लिए एसएमएस इन्वेस्टमेंट ग्राउंड को पिकअप-पॉइंट बनाया गया है।

Published on:
30 Apr 2026 08:58 pm