
जयपुर। गुरुनानक जयंती के पर आज (24 नवंबर) राजधानी के राजापार्क स्थित गुरुद्वारे में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है। हालांकि, एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह निर्बाध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से जाम से बचने के लिए समानांतर मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
यातायात पुलिस के अनुसार, त्रिमूर्ति सर्कल से गुरुद्वारा मोड़ की तरफ जाने वाले सामान्य यातायात को राजापार्क चौराहा से पैरामेडिकल और गोलचक्कर पार्क सर्कल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान वाहन चालक अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए मुक्ति मार्ग, आदर्श नगर रोड और शांति मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
दूसरी ओर, गुरुद्वारा मोड़ से त्रिमूर्ति सर्कल की तरफ आने वाले ट्रैफिक को कुशाल बेकरी और गोविंद मार्ग से होते हुए पंचवटी सर्कल की ओर भेजा जाएगा। यहां से वाहन चालकों के लिए क्षेमचंद मार्ग, विद्यालय मार्ग, विजय पथ और शांति पथ को वैकल्पिक मार्ग के रूप में खुला रखा गया है।
राजापार्क क्षेत्र में वाहनों का दबाव अधिक होने की स्थिति में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त डायवर्जन लागू किए जाएंगे। ऐसी स्थिति में त्रिमूर्ति सर्कल से यातायात को जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) मार्ग की ओर तथा गुरुद्वारा मोड़ से घाटगेट की तरफ मोड़ा जाएगा। इसके साथ ही रोटरी सर्कल से जवाहर नगर बाईपास का भी उपयोग कराया जाएगा।