जयपुर

जयपुर: महाशिवरात्रि पर ताड़केश्वर मंदिर में बवाल, गर्भगृह में जूते पहनकर घुसे पुलिसकर्मी, भक्तों के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की

जयपुर शहर के चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में देर रात विवाद हो गया। पुजारियों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी गर्भगृह में जूते पहनकर घुस आए और भक्तों से बदसलूकी करने लगे। रोकने पर बहस और धक्का-मुक्की हुई।
less than 1 minute read
Feb 16, 2026
Tadkeshwar Temple Jaipur
पुजारी और सेवक मंदिर के चौक में धरने पर बैठ गए (फोटो- पत्रिका)

Jaipur News: गुलाबी नगरी के आराध्य देवों में शामिल चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की पावन रात हंगामे की भेंट चढ़ गई। देर रात मंदिर परिसर में पुजारी परिवार और माणक चौक थाना पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई, जिससे उत्सव का माहौल तनाव में बदल गया।

पुजारी परिवार और सेवादारों का आरोप है कि माणक चौक थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षा और व्यवस्था के नाम पर मंदिर की मर्यादा भूल गए। पुजारियों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी जूते पहनकर भगवान के गर्भगृह तक पहुंच गए।

जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई, तो उन्होंने पुजारियों और भक्तों के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की की। इस घटना से आक्रोशित होकर पुजारी और सेवक मंदिर के चौक में धरने पर बैठ गए, जिससे महाशिवरात्रि की अति-महत्वपूर्ण चार प्रहर की पूजा भी प्रभावित हुई।

पुलिस का पक्ष: भीड़ और समझाइश का तर्क

दूसरी ओर, माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने स्थिति को अलग परिप्रेक्ष्य में रखा। उनके अनुसार, महाशिवरात्रि के कारण मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ थी। एएसआई सुरेश कुमार जब भीड़ को नियंत्रित कर रहे थे और लोगों को आगे बढ़ा रहे थे, तब कुछ भक्तों से उनकी कहासुनी हो गई।

पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर पुजारियों ने विरोध स्वरूप कुछ समय के लिए पूजा रोक दी थी। हालांकि, बाद में प्रशासन और मंदिर प्रबंधन के बीच समझाइश के बाद स्थिति को शांत कराया गया।

श्रद्धालुओं में रोष

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान दूर-दराज से आए श्रद्धालु घंटों परेशान रहे। आस्था के केंद्र में हुए इस विवाद ने पुलिस की कार्यप्रणाली और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Updated on:
16 Feb 2026 08:34 am
Published on:
16 Feb 2026 08:34 am