
जयपुर। राजधानी जयपुर के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियां पलभर में छीन ली। घर से बाल कटवाने के लिए स्कूटी पर निकले विकल्प उर्फ राजा मीणा की तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से मौत हो गई। हादसा पत्रकार कॉलोनी में वंदे मातरम रोड पर बुधवार दोपहर को हुआ। मां और छोटी बहन उसकी राह देखती रहीं, लेकिन कुछ देर बाद आई हादसे की खबर ने परिवार को सदमे में डाल दिया।
थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि मृतक की पहचान सूर्य नगर (गोपालपुरा बायपास) निवासी विकल्प उर्फ राजा मीणा (19) के रूप में हुई है। विकल्प ने हाल ही बी.टेक में प्रवेश लिया था। उसके पिता राम प्रतिहार बूंदी में स्कूल व्याख्याता हैं, जबकि वह जयपुर में अपनी मां और छोटी बहन के साथ रहता था। बुधवार दोपहर वह घर से यह कहकर निकला था कि बाल कटवाकर थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की सूचना आ गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा से भी अधिक थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र उछलकर एसयूवी के बोनट पर जा गिरा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज गुरुवार को सामने आया है। परिजनों ने बताया कि विकल्प बुधवार दोपहर बाल कटवाने की कहकर घर से निकला था। हाल ही में उसने बी-टेक में प्रवेश लिया था और पढ़ाई को लेकर उत्साहित था। लेकिन, अब राजा के ख्वाब किताबों में ही रह गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका एक टायर फट गया। इसके चलते चालक वाहन को ज्यादा दूर नहीं ले जा सका और थोड़ी ही दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजन को सौंप दिया। पुलिस ने एसयूवी को जब्त कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर मालिक तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।