जयपुर

जयपुर विला अग्निकांड: आधी रात आग की लपटों से घिरा देख पोतियों को बचा लाए दादा, बेटा-बहू और 6 साल का पोता झुलसे

जयपुर के मांग्यावास स्थित एक विला में आग लगने से दंपती और उनका छह साल का बेटा झुलस गया। वहीं, दादा विष्णु कुमार ने जान जोखिम में डालकर आग की लपटों में घिरी अपनी दोनों पोतियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 9:01 AM IST
Jaipur Mangyawas Villa Fire Accident
विला में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, इनसेट में दादा विष्णु, पोती छवि और वंशिका (पत्रिका फोटो)

Jaipur Mangyawas Villa Fire Accident: जयपुर: राजधानी जयपुर के मांग्यावास स्थित कीर्ति नगर में बुधवार तड़के एक विला में आग लगने से परिवार के तीन सदस्य झुलस गए। हादसे के वक्त पूरा परिवार गहरी नींद में था। अचानक कमरे में धुआं भरने और आग की तपिश से दंपती की नींद खुली तो चारों ओर लपटें उठ रही थीं। छह साल के मासूम बेटे को बचाने की कोशिश में माता-पिता भी आग की चपेट में आ गए। वहीं, नीचे की मंजिल पर सो रहे बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी दो पोतियों को आग के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में झुलसे दंपती और उनके बेटे का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

धुएं से घुटने लगा दम, नींद खुली तो सामने थीं लपटें

बुधवार तड़के करीब चार बजे विला की ऊपरी मंजिल पर नीरज अपनी पत्नी गौरी और बच्चों के साथ सो रहे थे। इसी दौरान अचानक कमरे में आग लग गई। देखते ही देखते बिस्तर और फर्नीचर आग की चपेट में आ गए। कमरे में धुआं भरने लगा। दम घुटने और आग की तपिश से नीरज और गौरी की नींद खुली तो बाहर निकलने का रास्ता भी आग की चपेट में था।

मासूम बेटे को बचाने में झुलसे माता-पिता

आग की लपटों के बीच छह साल के बेटे युग को देखकर माता-पिता उसे बचाने के लिए संघर्ष करने लगे। इस कोशिश में नीरज और गौरी के चेहरे झुलस गए। मासूम युग भी आग और धुएं की चपेट में आ गया। इसके बाद तीनों बेहोश होकर गिर पड़े।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े दादा, दो पोतियों की बचाई जान

विला की निचली मंजिल पर सो रहे विष्णु कुमार की चीख-पुकार सुनकर नींद खुली। वे तुरंत ऊपरी मंजिल पर पहुंचे। वहां आग के बीच फंसी अपनी दोनों पोतियों वंशिका और छवि को गोद में उठाकर सुरक्षित बाहर ले आए। विष्णु कुमार की हिम्मत और सूझबूझ से दोनों बच्चियों की जान बच गई।

अग्निशमन अधिकारी दिवांग यादव ने बताया कि नीरज अपनी पत्नी गौरी, दो बेटियों और छह साल के बेटे के साथ विला की ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। नीरज की सोडाला में ऑटो पार्ट्स की दुकान है।

अस्पताल में चल रहा तीनों का उपचार

नीरज के भाई जितेन्द्र ने बताया कि हादसे में नीरज, गौरी और युग के चेहरे झुलस गए हैं। तीनों को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

अग्निकांड में कमरे में रखा बिस्तर, फर्नीचर और कपड़े जल गए। प्रारंभिक तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने कमरे में रखे सामान को चपेट में ले लिया, जिसके बाद आग फैल गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Updated on:
27 Nov 2026, 9:01 AM IST
Published on: