
Jaipur Blackmailing Case: जयपुर में एक युवक को ब्लैकमेल कर 30 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसकी पत्नी की बहन पिछले करीब चार साल से उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों के बीच आपसी सहमति से संबंध होने की बात सामने आई है। साल 2026 में दोनों के अलग होने के बाद युवती ने बहन के पति यानी जीजा से 30 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। रुपए नहीं देने पर झूठे दरिंदगी केस में फंसाने और बदनाम करने की धमकी देने का आरोप है। परेशान होकर युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता युवक ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी युवती उसकी पत्नी की बहन है। दोनों साल 2022 से आपसी सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। करीब चार साल तक साथ रहने के बाद साल 2026 में दोनों अलग हो गए। आरोप है कि अलग होने के बाद युवती ने बहन के पति से 30 लाख रुपए की मांग की।
शिकायत के मुताबिक, बहन के पति ने जब रकम देने से इनकार किया तो युवती ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसे झूठे दरिंदगी केस में फंसाने और समाज में बदनाम करने की धमकी दी गई। लगातार दबाव और ब्लैकमेलिंग के चलते युवती ने कथित तौर पर 2 लाख रुपए ले लिए।
इसके बाद भी रुपए की मांग बंद नहीं हुई। आरोप है कि 2 लाख रुपए लेने के बाद युवती ने बाकी 28 लाख रुपए देने के लिए बहन के पति को लगातार धमकाना शुरू कर दिया। फोन कॉल के जरिए भी उसे डराने और दबाव बनाने का आरोप है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि झूठे मुकदमे में फंसाने और बदनाम करने की धमकियों के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। लगातार हो रही कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस के मुताबिक, मामले में शिकायत मिलने के बाद कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार शाम आरोपी युवती के खिलाफ FIR दर्ज की गई। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपों से जुड़े तथ्यों, दोनों के बीच रहे संबंध और रुपए के लेनदेन समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।