
जयपुर। जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस प्रत्याशी यशवीर सूरा जिला प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। बुधवार को हुए चुनाव में सूरा को पूरे 42 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेश गुर्जर को 14 वोट ही मिल सके। इस तरह सूरा ने 28 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि भाजपा को अपने सदस्यों की संख्या से एक वोट ज्यादा मिला, जबकि आरएलपी का एक सदस्य मतदान करने नहीं पहुंचा।
जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने जयपुर की जिला परिषद में कांग्रेस के मजबूत बहुमत पर मुहर लगा दी। जिला परिषद की कुल 57 सीटों में से कांग्रेस ने 42 सीटें जीती थीं। वहीं, भाजपा के खाते में 13 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के खाते में दो सीटें आई थीं। इस लिहाज से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत पहले से लगभग तय मानी जा रही थी। हालांकि, मतदान के दौरान राजनीतिक हलचल और क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं ने मुकाबले को चर्चा में बनाए रखा।
मतगणना के बाद सामने आए आंकड़ों ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चा छेड़ दी। भाजपा के जिला परिषद में 13 सदस्य थे, लेकिन उसके प्रत्याशी राजेश गुर्जर को 14 वोट मिले। यानी भाजपा को एक वोट अतिरिक्त मिला। दूसरी ओर, आरएलपी के दो सदस्यों में से एक सदस्य मतदान के लिए नहीं पहुंचा। कुल 57 में से 56 सदस्यों ने मतदान किया। कांग्रेस को अपने सभी 42 वोट मिले, जबकि भाजपा को 14 वोट मिले।
नवनिर्वाचित जिला प्रमुख यशवीर सूरा जयपुर जिला परिषद के वार्ड नंबर 28 से सदस्य हैं। वे कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं और यूथ कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं। पार्टी ने बुधवार सुबह ही उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने उनकी उम्मीदवारी को लेकर भरोसा जताया था।
जिला प्रमुख चुनाव के दौरान जिला परिषद परिसर के मुख्य द्वार पर हंगामे की स्थिति भी बन गई। मतदान के बीच कुछ कांग्रेस नेता परिसर में प्रवेश करने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस जवानों के साथ खींचतान हुई। कांग्रेस विधायक विद्याधर चौधरी की पुलिस अधिकारियों से बहस भी हुई। हालांकि, बातचीत के बाद मामला शांत हो गया और मतदान प्रक्रिया जारी रही।
मतदान और मतगणना पूरी होने के बाद कांग्रेस सदस्यों को वापस बाड़ेबंदी में भेज दिया गया। गुरुवार को होने वाले उप जिला प्रमुख के चुनाव के लिए सदस्यों को फिर से लाया जाएगा। जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस की इस जीत के साथ ही अगले पांच साल के लिए जिला परिषद की कमान यशवीर सूरा के हाथों में आ गई है।