कुशीनगर

जाट प्रदर्शनकारियों का हुड़दंग बरकरार, जयपुर-आगरा हाइवे व मथुरा रोड पर जाम

हेलक रेलवे स्टेशन पर खडी मालगाडी के इंजन में आग लगा दी तथा पपरेरा रेलवे स्टेशन एवं डीग बस स्टैंड पर भी आगजनी की घटनाएं हुई, हालांकि इन आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पा लिया गया। वहीं मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।
3 min read
• •
Updated: 24 Feb 2016, 1:14 PM IST
Feature image
धौलपुर-भरतपुर जिले के जाट आरक्षण की मांग को लेकर जिले में तीसरे दिन भी मंगलवार को जाट युवाओं का जगह-जगह हुड़दंग जारी रहा।

हेलक रेलवे स्टेशन पर खडी मालगाडी के इंजन में आग लगा दी तथा पपरेरा रेलवे स्टेशन एवं डीग बस स्टैंड पर भी आगजनी की घटनाएं हुई, हालांकि इन आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पा लिया गया। वहीं मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

भरतपुर शहर में साप्ताहिक अवकाश के कारण बाजार बंद है तथा शांति बनी हुई है। प्रशासन ने भरतपुर जिले में कल से आगजनी एवं तोडफ़ोड़ की घटनाओं के बाद धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है।

आंदोलन के कारण भरतपुर ऑयल डिपो से तेल की आपूर्ति बाधित होने के कारण आसपास के तीन चार जिलों में पेट्रोल पम्पों पर तेल का संकट उत्पन्न हो गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग आगरा-जयपुर स्थित उच्चैन तिराहे पर उत्पाती युवकों ने एक निजी बस को रोक कर उसके शीशे तोड़ दिए। उधर, जयपुर हाइवे, भरतपुर-मथुरा मार्ग, भरतपुर-अलवर मेगा हाइवे मार्ग पर प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। यहां डीग कस्बे में हुड़दंगियों ने घूम-घूम कर कस्बे का बाजार बंद कराया।

इसके अलावा ट्रेन यातायात भी पूरी तरह से ठप पड़ा है। जयपुर रेलमार्ग पर हेलक स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के इंजन में आग लगा दी। उधर, पुलिस ने रास्ता जाम व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के मामले में विभिन्न थानों दो दर्जन मुकदमे दर्ज किए हैं।

डीग क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने सुबह अलवर मेगा हाई-वे पर धरसेरा मोड़, डीग-मथुरा पर गांव बहज, डीग-भरतपुर पर गांव सैत पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। रास्तों में जगह-जगह कंटीली झाड़ी रख दी है, जिससे यातायात ठप पड़ा है। हालांकि, सोमवार शाम को बंद हुए अलवर-मथुरा रेलमार्ग पर मंगलवार को यातायात बहाल हो गया।

डीग तहसीलदार रामननिवास अग्रवाल ने बताया कि रेलमार्ग यातायात सुचारू हो गया है। उधर, डीग कस्बे में जाट युवाओं ने हाथों में सरिया, हॉकी व लाठी लेकर बाजार को बंद कराया। इससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए। इसी तरह भुसावर क्षेत्र में हिण्डौन मार्ग पर भी रास्ता जाम कर दिया।

जयपुर हाई-वे पर ठप

इसी तरह नदबई क्षेत्र में जयपुर हाई-वे पर महुआ-सिनपिनी, नदबई-डहरा मोड मार्ग पर गांव बैलारा, नदबई-जनूथर पर गांव बहरामदा व लुहासा, नदबई-खेड़ली मार्ग पर गांव बारौलीछार पर लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। इधर, आगरा रोड पर बॉर्डर पर ऊंचा नगला, गांव बरसो, गोपाल नगला के पास जाम बरकरार है।

इससे आगरा की तरफ यातायात पूरी तरह से ठप पड़ा है। रास्ते में जगह-जगह वाहन फंसे हुए हैं। वहीं, जयपुर की तरफ से डहरा मोड से पुलिस ने वाहनों को रूपवास होकर डायवर्ट किया है। इसी तरह मथुरा रोड पर थाना उद्योगनगर अंतर्गत हनुमान तिराहा व धौरमुई पर जाम लगा रखा है।

मालगाड़ी के इंजन में लगाई आग

जयपुर-आगरा मार्ग के हेलक स्टेशन पर सोमवार से खड़ी मालगाड़ी के इंजन में सुबह करीब 11 बजे उत्पातियों ने आग लगा दी। उधर, स्टेशन के पास ही फाटक संख्या 50 पर तोडफ़ोड़ की गई। स्टेशन पर अचानक हुई घटना से रेलवे कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना कुम्हेर थाना प्रभारी बाबूलाल मीणा मौके पर पहुंचे और इंजन में लगी आग को बुझवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि उपद्रवियों इंजन की सीट में आग लगा दी थी, जिसे बुझा दिया है।

निजी बस में की तोडफ़ोड़

जयपुर-आगरा रोड पर थाना सेवर अंतर्गत उच्चैन तिराहे पर सुबह उत्पातियों ने एक निजी बस में तोडफ़ोड़ कर दी। बस के शीशे तोड़ दिए। बस बारात छोड़कर वापस लौट रही थी, जिसे युवकों ने घेर लिया।

पैंसेजर ट्रेन पहुंची भरतपुर

आगरा की तरफ से मंगलवार सुबह कासगंज पैसेंजर ट्रेन सुबह स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन को भरतपुर स्टेशन पर ही रोक दिया है। ट्रेन को शाम को वापस आगरा रवाना किया जाएगा। वहीं, रेल संचालन ठप होने से स्टेशन पर सन्नाटा पसरा हुआ है।

उधर, रारह स्टेशन पर आरपीएफ के जवान नजर रखे हुए हैं। यहां 246 फाटक संख्या पर जमे लोग मंगलवार को नहीं दिखे। वहीं, रारह चौकी पर सीओ (शहर) नरेन्द्र सिंह राठौड़ आरएसी के जवानों के साथ कैम्प किए हुए हैं।

दो दर्जन मुकदमे दर्ज

जिले में जाट प्रदर्शनकारियों के खिलाफ करीब दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज किए हैं। इसमें सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, राजकार्य में बाधा व रास्ता जाम करना आदि आरोप हैं।

इसमें सेवर थाने में 6, चिकसाना में 4, उद्योगनगर में 8, कुम्हेर में 5, नदबई थाने में एक मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, आरपीएफ की तरफ रेलवे फाटक तोडफ़ोड़ व लाइन को नुकसान पहुंचाने के मामले में भी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं।
Published on: