2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, वैन और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर में 6 लोगों की मौत, किशोर गंभीर रूप से घायल

UP Road Accident: कुशीनगर में तिलक समारोह से लौट रहे लोगों की वैन ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल है। सभी भलुही गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कुशीनगर

•

image

Ankit Sai

•

Updated: 2 Nov 2026, 8:10 AM IST

UP News

वैन और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर में 6 की मौत (X Photo Saurabh Dwivedi)

Kushinagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में देर रात एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे लोगों की वैन सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हाटा कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही भलुही गांव में मातम छा गया। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है।

तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

यह दुर्घटना कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र में हुई। जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के रहने वाले लोग देवराज पिपरा में अपने एक रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात सभी वैन से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

छह लोगों की मौत, 17 साल का किशोर गंभीर

वैन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (40), उनके पिता रामबेलास (65), राममिलन (35), आयुष (12), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35) और मिथिलेश गुप्ता (22) के नाम सामने आए हैं। वहीं, राममिलन का 17 वर्षीय बेटा आर्यन इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में एक ही गांव के कई लोगों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर भलुही गांव से बड़ी संख्या में लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ट्रेलर चालक मौके से फरार, तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में वैन और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हुई।