जयपुर

JDA सीमा विस्तार: 41 नए गांव जुड़े, 12 बाहर; हाईकोर्ट में मामला लंबित, फिर भी सरकार ने जारी की संशोधित अधिसूचना

JDA Expansion: जयपुर विकास प्राधिकरण के सीमा विस्तार में बड़ा बदलाव करते हुए राजस्थान सरकार ने संशोधित अधिसूचना जारी की है। 41 नए राजस्व गांव JDA में शामिल किए गए हैं, जबकि 12 गांव बाहर कर दिए गए। मामला राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित होने के बावजूद जारी अधिसूचना पर सवाल उठ रहे हैं।
2 min read
Jul 02, 2026
Jaipur Development Authority
Jaipur Development Authority (Patrika Photo)

Jaipur Development Authority: जयपुर: राजस्थान सरकार ने जयपुर विकास प्राधिकरण के सीमा विस्तार को लेकर एक नई संशोधित अधिसूचना जारी की है, जिसने प्रशासनिक और कानूनी हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मात्र नौ महीने के भीतर सरकार ने जेडीए के दायरे में एक बार फिर बड़ा उलटफेर किया है। इस नए आदेश के तहत जहां 41 नए राजस्व गांवों को जेडीए रीजन में शामिल किया गया है। वहीं, पिछले साल जोड़ी गई सूची से 12 गांवों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

पड़ोसी जिले कोटपूतली-बहरोड़ में जेडीए की एंट्री

इस फेरबदल की सबसे बड़ी बात यह है कि जेडीए का दायरा अब जयपुर की सीमाओं को लांघकर पड़ोसी जिले कोटपूतली-बहरोड़ तक पहुंच गया है। सरकार ने कोटपूतली-बहरोड़ जिले की विराट नगर तहसील के दो गांवों टांडा और लाला की वाली को जेडीए सीमा में शामिल कर लिया है।

हाईकोर्ट में मामला, फिर भी जल्दबाजी क्यों?

यह पूरी कवायद इसलिए विवादों में है, क्योंकि जेडीए सीमा विस्तार का यह मामला पहले से ही राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है और कोर्ट ने इस क्षेत्र में निर्माण कार्यों पर पूरी तरह रोक लगा रखी है। उप-न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद नगरीय विकास विभाग द्वारा संशोधित अधिसूचना जारी करने पर सवाल उठ रहे हैं।

सरकार ने दी यह सफाई

दोहरी एंट्री सुधारी: पुरानी अधिसूचना में 9 गांव ऐसे थे, जो गलती से दो अलग-अलग तहसीलों में दर्ज हो गए थे।

दूरी बनी वजह: फागी के किशोरपुरा, जमवारामगढ़ के पालडीकला और कोटपूतली के डैरा गांव को जेडीए मुख्यालय से काफी दूर होने के कारण सूची से हटाया गया है।

किस तहसील का क्या रहा गणित?

ये 41 गांव जोड़े गए: शाहपुरा से सबसे ज्यादा 15 गांव शामिल किए गए हैं। इसके अलावा जोबनेर से 07, चौमूं से 04, चाकसू व फुलेरा से 03-03, विराट नगर (कोटपूतली-बहरोड़) व फागी से 02-02 और जालसू, किशनगढ़-रेनवाल, माधोराजपुरा, मौजमाबाद व तुंगा से 1-1 राजस्व ग्राम को जोड़ा गया है।

ये 12 गांव हटाए गए: चाकसू से 04, बस्सी से 03 और जोबनेर, माधोराजपुरा, फागी, जमवारामगढ़ व विराट नगर से 1-1 गांव को जेडीए सीमा से बाहर कर दिया गया है।

क्या होगा असर

जेडीए रीजन में आने के बाद अब इन गांवों में भूमि उपयोग (लैंड यूज), भवन निर्माण, कॉलोनियों की स्वीकृति और विकास कार्यों के नियम पूरी तरह बदल जाएंगे।

Updated on:
02 Jul 2026 08:28 pm
Published on:
02 Jul 2026 08:22 pm