2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jagan Gurjar Murder: डकैत जगन गुर्जर की हत्या पर पत्नी कोमेश बोली- दुश्मन का नाम मुझे बता दो, बस

Jagan Gurjar Murder: अजमेर सेंट्रल जेल में मारे गए डकैत जगन गुर्जर का बुधवार को गांव में अंतिम संस्कार हुआ। पैरोल पर पहुंचे भाई पप्पू ने हत्या के पीछे साजिश का आरोप लगाया। वहीं, पत्नी कोमेश ने आरोपी का नाम उजागर करने की मांग की और चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन कर खुद बदला लेने की बात कही।
3 min read
Google source verification
Jagan Gurjar Wife Komesh Gurjar Statement

डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड पर पत्नी कोमेश का बयान (पत्रिका फोटो)

Jagan Gurjar Wife Komesh Gurjar Statement: अजमेर सेंट्रल जेल में हुई संदिग्ध मौत के बाद कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का बुधवार को धौलपुर स्थित उसके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। जगन के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान जगन के भाई पप्पू गुर्जर को पैरोल पर बाहर लाया गया, ताकि वह अंतिम संस्कार में शामिल हो सके। अंतिम संस्कार के मौके पर जगन के भाई ने जहां मौत को लेकर एक सनसनीखेज दावा किया। वहीं, जगन की दूसरी पत्नी कोमेश गुर्जर ने प्रशासन को खुली चेतावनी देते हुए बदला लेने की बात कही है।

भाई पप्पू गुर्जर का आरोप: 'नशे की गोली देकर घोंटा गया गला'

पैरोल पर जेल से बाहर आए जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर ने जगन की हत्या के पीछे एक बहुत बड़ी और सुनियोजित साजिश का आरोप लगाया है। पप्पू गुर्जर का दावा है कि जेल के डॉक्टर ने जगन को पहले नशे की गोली दी और उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

पप्पू गुर्जर ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम और षड्यंत्र में कई बड़े लोग शामिल हैं, जिन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपियों को बचाने के लिए सिर्फ 'विष्णु जाट' नाम के कैदी को मोहरा बनाकर अपराधी घोषित किया जा रहा है। पप्पू के अनुसार, जेल का डॉक्टर भी उसी समाज से ताल्लुक रखता है और यह पूरी घटना एक सोची-समझी रणनीति के तहत अंजाम दी गई है।

पत्नी कोमेश गुर्जर के तेवर: 'दो दिन में बदला लूंगी'

जगन गुर्जर की मौत के बाद उसकी दूसरी पत्नी कोमेश गुर्जर के बेहद आक्रामक तेवर देखने को मिले हैं। कोमेश ने जेल प्रशासन और सरकार पर तीखे सवाल दागे हैं। कोमेश का कहना है कि इतने बड़े आदमी की हत्या जेल के अंदर कर दी गई और प्रशासन एक छोटे से अपराधी (चूहे) पर इसका आरोप मढ़ रहा है, जो कि उनके परिवार की बेइज्जती है।

कोमेश ने सरकार के सामने अपनी मांगें रखते हुए कहा, मुझे सिर्फ उस असली दुश्मन का नाम निकाल कर बता दो, जिसने यह कराया है। अगर प्रशासन ने दो, चार या पंद्रह दिन में मुझे जवाब नहीं दिया और न्याय नहीं किया, तो मैं खुद बदला लेना जानती हूं। मैं दो दिन में बदला लेकर सारी हकीकत सामने ला दूंगी।

कोमेश ने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं, तो वह अपने बच्चों को लेकर सड़क पर बैठ जाएंगी और आत्महत्या कर लेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रशासन कुछ नहीं करता है, तो वह खुद दुश्मन का मर्डर कर देंगी।

जेल में लड़ाई की बात आई थी सामने

कोमेश ने बताया कि सोमवार को हत्या होने से पहले सुबह करीब 7 बजे उनकी जगन गुर्जर से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान जगन ने बताया था कि जेल में किसी अन्य कैदी के साथ उनकी लड़ाई चल रही है। कोमेश ने जेल की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय वहां के सीसीटीवी कैमरे भी बंद थे। कोमेश के अनुसार, जगन गुर्जर की दुश्मनी सिर्फ धौलपुर जिले में थी, जिले से बाहर उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

'14 साल की उम्र में लिया था पिता की हत्या का बदला'

कोमेश गुर्जर का भी एक पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले जगन गुर्जर की गर्लफ्रेंड थी और बाद में उसकी गैंग में शामिल हो गई थी। बीहड़ में एक मुठभेड़ के दौरान कोमेश घायल भी हुई थी, तब जगन ने अपनी जान दांव पर लगाकर उसे धौलपुर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। जगन की पहली पत्नी का नाम ममता है।

कोमेश ने कहा, मेरी असलियत यहां किसी को नहीं पता है। मैंने महज 14 साल की उम्र में अपने पिता की हत्या का बदला लिया था। मैंने दुश्मन का गला घोंटकर उसे नीबी के नाले में फेंक दिया था और फिर जगन के साथ फरार हो गई थी। इसके बाद मैंने अपने भाई की मौत का भी बदला लिया था और जेल से छूटकर घर रह रही थी। अगर मुझे न्याय नहीं मिला, तो मैं शांत नहीं बैठूंगी।