जयपुर

बेहतरीन नौकरी प्राप्त करने के तरीके

अगर अच्छी पढ़ाई करने के बाद भी शानदार जॉब न लगे तो हर किसी को निराशा हो सकती है।

2 min read
Oct 21, 2018
बेहतरीन नौकरी प्राप्त करने के तरीके

यदि आप सही रणनीति लेकर काम करें तो अच्छी नौकरी प्राप्त करना इतना कठिन भी नहीं है। जानते हैं किस तरह आप बेहतरीन नौकरी प्राप्त कर सकते हैं-

पूरा शोध करें
आप कॉलेज में पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी तलाश रहे हैं तो आपको जॉब से जुड़ी हर तरह की रिसर्च करनी चाहिए। सही जानकारी आपके लिए सफलता का द्वार खोल सकती है। बाजार में उपलब्ध जॉब्स के प्रकार, रिक्तियों और भावी एम्प्लॉयर्स के बारे में जानकारी एकत्रित करें। भावी एम्प्लॉयर्स के बारे में सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन कॅरियर रिसर्च टूल्स का इस्तेमाल करें। इसके लिए आप सोशल मीडिया का भी उपयोग कर सकते हैं।

इमेज बनाएं
आप जिन लोगों के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं, उनकी नजर में आपकी अच्छी इमेज होनी चाहिए। उनसे संपर्क कर बताएं कि आपको उनका काम पसंद है। उनसे अपने कॅरियर संबंधी सलाह लें। अच्छे प्रोफेशनल्स से मेल-मिलाप आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इस मेल-मिलाप में गरिमा का ध्यान रखें। किसी प्रोफेशनल के पीछे न पड़े, उसे परेशान न करें

रेज्यूमे अपडेट रखें
आपका रेज्यूमे आपकी पृष्ठभूमि, स्किल्स और क्वालीफिकेशंस का सार होता है। अच्छा रेज्यूमे आपके भावी एम्प्लॉयर के मन में आपकी अच्छी छवि का निर्माण करता है। आप अपनी शिक्षा, स्किल्स, उपलब्धियों और अनुभव को अपने रेज्यूमे में अच्छी तरह प्रस्तुत करें। कुछ भी नया होने पर अपना रेज्यूमे अपडेट अवश्य करें।

सॉफ्ट स्किल्स पर जोर
सॉफ्ट स्किल्स इंटरपर्सनल स्किल्स, सोशल स्किल्स और कम्युनिकेशन स्किल्स का मेल होती हैं। इनसे हटकर नजर आते हैं। दोस्ताना अंदाज, पेशेवर कार्यशैली आदि सिखाई नहीं जा सकती। आपको जीवन भर इनका अभ्यास करना होता है। बेहतरीन सॉफ्ट स्किल्स की मदद से आप एक मजबूत लीडर के रूप में उभर सकते हैं।

अपना मूल्य जानें
हो सकता है कि आपके पास काम का ज्यादा अनुभव न हो लेकिन यह सोचें कि आपके पास ऐसा क्या है, जो आज के जॉब मार्केट में आपकी कीमत बढ़ाए। केवल परंपरागत जॉब्स करते हुए हासिल किया गया अनुभव ही मायने नहीं रखता। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आपके द्वारा विकसित की गई स्किल्स व हासिल किया गया अनुभव भी आपके व्यक्तित्व निर्माण में सहायक होता है।

व्यावहारिक बनें
यह देखें कि आपकी ताकत क्या है और फिर इस ताकत को ही प्रोफेशनल रूप देने का प्रयास करें। यह तय कर लें कि आप जिस जॉब के लिए आवेदन कर रहे हैं, वह आपके लिए उपयुक्त है। किसी जॉब को टारगेट करते समय व्यवहारिक नजरिया अपनाएं।

सीखना जारी रखें
सीखने की प्रक्रिया कभी बंद न होने दें। नए घटनाक्रम से लगातार अवगत रहें, अपना ज्ञान बढ़ाते रहें। दुनिया तेजी से बदल रही है, इसलिए अपने कार्यक्षेत्र में जो भी नया हो रहा है, उसके बारे में जानकारी रखें। यह आपके कॅरियर निर्माण में मदद करेगा।

अपना नेटवर्क बढ़ाएं
नौकरी के बारे में सही समय पर जानकारी प्राप्त करने के लिए अच्छी नेटवर्किंग होना जरूरी होता है। यदि आपके पास कुशल लोगों का बड़ा और मजबूत नेटवर्क है, तो आपको बाजार में उपलब्ध जॉब्स के बारे में ज्यादा-से-ज्यादा जानकारी मिल सकती है। इसलिए लगातार नए लोगों को ढूंढक़र उन्हें अपने नेटवर्क में शामिल करें।

जॉब इंटरव्यू की तैयारी करें
आपको जॉब इंटरव्यू के लिए अच्छी तरह तैयारी करना चाहिए। इंटरव्यू के लिए जाने से पहले उस संस्थान के बारे में जितनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, कर लें। इंटरव्यू में फॉर्मल कपड़े पहनकर जाएं। अपने साथ अपने रेज्यूमे की कुछ अतिरिक्त प्रतियां जरूर रखें। पूरे आत्मविश्वास के साथ इंटरव्यू का सामना करें।

Published on:
21 Oct 2018 03:21 pm
Also Read
View All