
जयपुर। कालवाड़ रोड पर सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया के तहत सोमवार को जेडीए की ओर से डिमार्केशन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौके पर जेडीए के अधिकारियों के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद है। व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पारीक सहित अन्य व्यापारी भी मौके पर है। कालवाड़ पुलिया से गोविंदपुरा तक सड़क को 160 फीट चौड़ा करने के आधार पर सीमांकन किया जा रहा है। जेडीए ने व्यापारियों को अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिन का समय दिया है। इसके बाद जेडीए की ओर से बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, मास्टर प्लान में कालवाड़ रोड को 200 फीट चौड़ा करने का प्रावधान है। इसी के आधार पर पहले डिमार्केशन की कार्रवाई प्रस्तावित थी। लेकिन सड़क चौड़ीकरण की जद में बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आने की आशंका के चलते व्यापारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। व्यापारियों ने जेडीए अधिकारियों के सामने सड़क की चौड़ाई 200 फीट के बजाय 160 फीट रखने की मांग रखी थी।
मामले को लेकर शुक्रवार शाम जेडीए अधिकारियों और व्यापारियों के बीच बैठक हुई थी। इसमें व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखते हुए 160 फीट सड़क चौड़ीकरण की मांग उठाई। अधिकारियों ने व्यापारियों की मांग पर सहमति जताई। इसके बाद सोमवार को जेडीए ने 160 फीट चौड़ाई के आधार पर ही डिमार्केशन शुरू किया है।
सड़क चौड़ीकरण की योजना को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले फेज में कालवाड़ पुलिया से गोविंदपुरा तक सड़क चौड़ी की जाएगी। दूसरे फेज में गोविंदपुरा से हाथोज तक और तीसरे फेज में हाथोज से कालवाड़ तक सड़क चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। चरणबद्ध तरीके से पूरी सड़क को विकसित करने की योजना है।
जेडीए की ओर से डिमार्केशन के बाद व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। इस दौरान व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के आगे सड़क की निर्धारित सीमा में आने वाले अतिक्रमण स्वयं हटा सकेंगे। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद जेडीए की टीम बुलडोजर के जरिए अतिक्रमण हटाएगी। ऐसे में अगले 10 दिन व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। वहीं, डिमार्केशन पूरा होने के साथ ही सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।