16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Public Ka Panna: स्वच्छ सर्वेक्षण में जयपुर टॉप, पर पब्लिक खोल रही पोल- दिखा रही असल आइना, लग रहा गंदगी का ढेर!

जयपुर को हाल ही में स्वच्छ शहर होने का एक खिताब मिला है, जिसे लेकर शहरवासी गौरवान्वित हो रहे हैं। लेकिन ज़मीनी हकीकत एकदम विपरीत है। पत्रिका के जागरूक पाठकों ने ग्राउंड रिएलिटी बताते हुए सरकार के तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Nakul Devarshi

•

Updated: 16 Nov 2026, 12:39 PM IST

public ka panna

जयपुर के एक इलाके में गंदगी का ढेर

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जयपुर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। वहीं, इसके उलट शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में पाठकों ने पत्रिका को अपने-अपने इलाके की सफाई व्यवस्था की लाइव तस्वीरें भेजी हैं। साथ ही निगम के स्वच्छता के दावों के बीच जमीनी हालात पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश में स्वच्छता में अव्वल आने वाले शहर का हर मोहल्ला कब तक पूरी तरह स्वच्छ होगा?

संजय बाजार : मंदिर के सामने डाला जा रहा बाजार का कचरा

नीलकंठ महादेव मंदिर के सामने सफाईकर्मियों की ओर से पूरे बाजार का कचरा डाला जा रहा है। इससे मंदिर परिसर में भी गंदगी फैल जाती है। दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास रहने वाले लोगों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

खातीपुरा : एक साल से शौचालय के बाहर गंदगी का ढेर

गत एक वर्ष से जसवंत नगर मोड़ के सामने स्थित सुलभ शौचालय के आस-पास बहुत गंदगी है। खातीपुरा क्षेत्र के प्रमुख बाजार में होने के बावजूद शौचालय के बाहर नियमित सफाई नहीं होती है। गंदगी के कारण यहां मक्खी-मच्छर पैदा हो रहे हैं।

बहन की शादी, कैसे आएगी बारात

24 नवंबर को बहन की शादी है। इस वक्त परिवार को बारात और मेहमानों के स्वागत की चिंता होनी चाहिए, लेकिन ज्यादा चिंता घर के बाहर बदहाल सड़क की है। आखिर बाराती और मेहमान घर तक कैसे पहुंचेंगे?

गड्ढे में समा गई थी पूरी कार

10 महीने से अधिक समय से यहां पर सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है। इस निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद ही धीमी है। होली के आस-पास घर के पास बने गड्ढे में पूरी कार ही समा गई थी। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। निर्माण सामग्री के साथ ही सीवर लाइन में इस्तेमाल होने वाली रिंग्स (बड़े नाले) भी पिछले 30 दिन से खुले में ही पड़े हैं। इससे रास्ता बाधित हो रहा है। वहीं, रात में हादसे की भी आशंका है। ठेकेदार और संबंधित विभाग की लापरवाही शादी के जश्न में खलल डाल रही है।

राकेश कुमार सेवलिया, जीवन विहार
सीवर लाइन डालने के कार्य की रफ्तार धीमी है। कुछ जगह पर काम हो गया, लेकिन वहां पैचवर्क नहीं हुआ है। सड़क भी जगह-जगह से खुदी पड़ी है। सड़क पर पानी फैला होने से कीचड़ भी हो रखा है।

वंदना वर्मा, निवासी जीवन विहार
सड़क खराब होने से काम पर जाने के लिए दूसरे रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता है। सड़क इतनी खराब है कि दुपहिया वाहन भी नहीं चला सकते। कार सहित अन्य चार पहिया वाहनों को 200-300 मीटर दूर खड़ा करना पड़ता है।

खासा कोठी : रोजाना गुजरते हैं कई बड़े साहब... फिर भी बदहाल है शहर

आम लोग भुगत रहे परेशानी

रामकुमार झालानी, @ गोपाल बाड़ी
अजमेर रोड को एमआई रोड से जोड़ने वाली यह शहर की वीआईपी सड़कों में से एक सड़क है। नजदीक ही सर्किट हाउस है, जहां आए दिन वीवीआईपी और कई बड़े अधिकारी ठहरते हैं। इस सड़क से गुजरने के बाद भी यह कई महीनों से खराब है। तेज गति में कई बार संतुलन बिगड़ने से दुपहिया वाहन चालक गिर भी जाते हैं।

जगह-जगह से टूटी

आरटीडीसी के होटल गणगौर के आगे मोड़ तक सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है। इसमें जगह-जगह गड्ढों के साथ ही अलाइनमेंट भी गड़बड़ाया हुआ है। इस कारण कई चार पहिया वाहनों को भी वाहन की गति धीमी कर गुजरना होता है।

पब्लिक स्पीक

खाली प्लॉट पर कचरा डाल रहे बाहरी लोग

कॉलोनी के प्रवेश मार्ग पर स्थित खाली प्लॉट में कुछ बाहरी लोग नियमित कचरा डाल देते हैं। वहीं, कुछ लोगों द्वारा कचरे में आग लगा दी जाती है। नजदीक ही सीएनजी युक्त पेट्रोल पम्प होने से कभी भी अग्निकांड हो सकता है। ओम प्रकाश शर्मा, को-ऑपरेटिव कॉलोनी, सोडाला, वार्ड 91


सरकारी पेयजल की लाइन ही नहीं

क्षेत्र की बसावट के बरसों बाद भी जलदाय विभाग की ओर से अभी तक सरकारी पेयजल (पानी) की पाइपलाइन नहीं डाली गई है। जिम्मेदार अधिकारियों और तमाम जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार भी लगाई, कहीं भी कोई सुनवाई नहीं हुई। राजू गुर्जर, एसके कॉलोनी, न्यू आतिश मार्केट के सामने


सीवर लाइन और सड़क का अभाव

क्षेत्र में सीवर लाइन, सड़क और ड्रेनेज सिस्टम नहीं होने का असर दिनचर्या पर पड़ रहा है। बारिश के सीजन में पानी की निकासी नहीं होने से गलियों में जलभराव के चलते आवागमन में परेशानी हुई। सड़क नहीं होने से यह समस्या और गंभीर हो गई। मनोज जुनेजा, चंदमहल गेट के पास, आमेर

इम्पैक्ट: चौपट हो रहा था कारोबार, पत्रिका बना व्यापारियों की आवाज

सांगानेर स्थित गोवर्धन नगर के मुख्य बाजार में सड़कों पर बहते नालियों के गंदे पानी से व्यापार पर असर पड़ रहा दुर्गंध और बदबूदार पानी के चलते लोगों ने दूसरे बाजारों का रुख कर लिया था। पत्रिका के 26 अक्टूबर के अंक में 'फेस्टिव सीजन में कारोबार चौपट, त्योहार नजदीक, ग्राहकों ने बनाई दूरी' शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया। इसके बाद हरकत में आए निगम प्रशासन ने गंदे पानी की निकासी के साथ ही साफ-सफाई भी कराई। स्थानीय लोगों ने इसके लिए पत्रिका को थैंक यू कहा।