जयपुर

कर्नाटक में लोकतंत्र की हत्या का आरोप, कांग्रेसी उतरे सड़क पर

कलक्ट्रेट पर दिया धरना
2 min read
jaipur

सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। कर्नाटक में सत्ता को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रहे द्वंद को लेकर कांग्रेस की ओर से गुरुवार को कलक्ट्रेट सर्किल पर धरना दिया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और पुतला फूंका। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने कांग्रेस और जेडीएस के पास बहुमत होने के बावजूद सरकार बनाने से रोक कर लोकतंत्र का गला घोंटा है।

शहर व प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी शाम को कलक्ट्रेट सर्किल पर जमा हुए। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास, पूर्व सांसद महेश जोशी, अश्क अली टाक सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में दिए धरने में प्रदेशाध्यक्ष पायलट भी पहुंचे। इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे कलक्ट्रेट सर्किल पर यातायात भी अवरूद्ध हुआ।


पायलट ने कहा कि विधायकों की खरीद-फरोख्त के दम पर भाजपा कर्नाटक में तानाशाही पूर्ण तरीके से लोकतंत्र की हत्या कर सरकार बनाना चाहती है। केन्द्र सरकार ने अपनी शक्तियों का दुरूपयोग कर राज्यपाल के जरिए येदुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाकर भारत के संविधान का अपमान किया है। जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। देश में कानूनी मर्यादाओं को ताक पर रखकर विधायकों की खरीद-फरोख्त के जो प्रयास किए जा रहे हैं, वो देश के लोकतंत्र के हित में नहीं हैं।

जेडीएस और कांग्रेस के मिलने के बाद सरकार बनाने का अधिकार सिर्फ कांग्रेस और जेडीएस का है। केन्द्र की तानाशाही के विरूद्ध कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष करेगी। जयपुर अध्यक्ष खाचरियावास ने कहा कि केन्द्र सरकार कर्नाटक के जरिए पूरे देश में टकराव का माहौल पैदा कर रही है। इस मौके पर वरिष्ठ नेता बृजकिशोर शर्मा, अर्चना शर्मा, ज्योति खण्डेलवाल, विक्रम सिंह शेखावत, मनोज मुदगल, रुपेशकांत व्यास, पुष्पेन्द्र भारद्वाज, सीए विजय गर्ग, संगीता गर्ग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।

Published on:
17 May 2018 09:39 pm