जयपुर

Karva Chauth 2022: करवा चौथ पर 46 साल बाद बन रहा ऐसा दुर्लभ संयोग, इस बीच करें पूजा

Karva Chauth 2022: करवा चौथ पर इस बार विशेष संयोग बन रहे है। इन योग—संयोग के बीच पूजा करना अंखड सौभाग्य फलदायक होगा।

2 min read
Oct 12, 2022
Karva Chauth 2022: करवा चौथ पर 46 साल बाद बन रहा ऐसा संयोग दुर्लभ संयोग, इस बीच करें पूजा

Karva Chauth 2022: जयपुर। कार्तिक कृष्ण चतुर्थी पर गुरुवार को करवा चौथ का पर्व मनाया जाएगा। महिलाएं पति की लम्बी उम्र के साथ सुख-सौभाग्य की कामना के लिए व्रत रखेंगी। इस दिन चन्द्रोदय रात 8 बजकर 21 मिनट पर होगा।

चौथ माता का व्रत करने वाली महिलाएं दिन में गणेशजी और चौथ माता की पूजा-अर्चना कर कथा सुनेंगी। वहीं रात को चंद्रमा को अघ्र्य देकर व्रत पूर्ण करेंगी। कुछ महिलाएं करवा चौथ का उद्यापन भी करेंगी। जो महिलाएं उद्यापन करेंगी, वे अन्य औरतों को भोजन कराकर सुहाग की चीजें उपहार स्वरूप देंगी।

ज्योतिषाचार्य पं. चन्द्रशेखर शर्मा ने बताया कि करवा चौथ के दिन कन्या राशि में त्रिग्रही योग रहेगा। सूर्य, बुध व शुक्र तीनों ग्रह कन्या राशि में विराजमान है, ये तीनों ग्रह कामकाजी महिलाओं के लिए सुख—समृद्धि लेकर आएंगे। इस दिन गुरु और शुक्र का समसप्तक योग भी बन रहा है। गुरु इस समय मीन राशि में चल रहे है, वहीं शुक्र ग्रह भी कन्या राशि में है, जो आपस में समसप्तक योग बना रहे है, ये दोनों ग्रह सुख—सौभाग्य और समृद्धि के दाता है, ये अखंड सौभाग्य के दायक है। कन्या और मीन राशि की महिलाओं के लिए समप्तक और त्रिग्रही योग विशेष फलदायक रहेगा।

46 साल बाद बन रहा ऐसा संयोग
ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा ने बताया कि 13 अक्टूबर को करवा चौथ पर गुरुवार रहेगा। गुरु अपनी ही राशि में होंगे। ऐसा संयोग 46 साल बाद बन रहा है। इससे पहले ऐसा 23 अक्टूबर 1975 को हुआ था। इस बार करवा चौथ पर गुरु का प्रभाव ज्यादा रहेगा। ये शुभ योग सौभाग्य और समृद्धि बढ़ाने वाला होगा। इस संयोग में की गई पूजा और व्रत से अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धिदायक होगी। इस बार करवा चौथ पर चंद्रमा और बुध उच्च राशि में होंगे। गुरु-शनि अपनी ही राशियों में और मंगल खुद के नक्षत्र में होगा। इन पांच ग्रहों की शुभ स्थिति के साथ बुधादित्य और महालक्ष्मी योग भी रहेगा। सितारों की इस स्थिति से पूजा और व्रत का शुभ फल और बढ़ जाएगा।

करवा चौथ की पूजा-अर्चना
महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम भारती ने बताया कि सुबह स्नान करने के बाद देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर उनके समक्ष व्रत करने का संकल्प लें। सबसे पहले गणेशजी की पूजा करें। उसके बाद भगवान शिव, माता पार्वती और कार्तिकेय की भी पूजा करें। इस दिन चौथ माता की पूजा करनी चाहिए। चंद्र दर्शन के बाद अघ्र्य अर्पित करें।

बाजार में भीड़
करवा चौथ को लेकर बाजार में भीड़ नजर आ रही है। महिलाएं करवे खरीदने के साथ सुहाग की वस्तुएं भी खरीद रही हैं। बाजार में चीनी का करवे अधिक बिक रहे है। त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़, किशनपोल बाजार सहित शहर में कई जगहों पर करवे की बिक्री जोरों पर हो रही है। बाजार में चीनी के करवे 20 से लेकर 50 रुपए तक बिक रहे है। वहीं मिट्टी के करवे 10 रुपए से लेकर 20 रुपए में बिक रहे है।

Published on:
12 Oct 2022 01:47 pm
Also Read
View All