17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में 41.70 लाख की लूट का खुलासा, प्रेमी को कर्ज से उबारने के लिए रची साजिश; प्रेमिका के कमरे से 26.80 लाख रुपए बरामद

Jaipur ATM Loot Case: जगतपुरा अक्षय पात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम बूथ से कैश लेकर निकले कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए की लूट के मामले का रामनगरिया थाना पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है।
2 min read
Google source verification
Jaipur ATM robbery

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी प्रेमिका व बरामद कैश। फोटो: पत्रिका

Jaipur ATM Robbery: जयपुर। जगतपुरा अक्षय पात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम बूथ से कैश लेकर निकले कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए की लूट के मामले का रामनगरिया थाना पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि मामले में नदबई के लालपुर निवासी 22 वर्षीय अंशु कुमारी जाटव को गिरफ्तार कर रामनगरिया क्षेत्र में किशनपुरा स्थित बजरंग दीप प्रथम में उसके किराए के कमरे से लूट की रकम में से 26.80 लाख रुपए बरामद किए है। आरोपी अंशु ने करौली के मासलपुर निवासी प्रेमी मस्तराम मीणा और उसके दो साथियों पुष्पेंद्र मीणा व सुमित जंगम के साथ मिलकर साजिश रची थी। अंशु के प्रेमी के कर्ज में डूबे होने की बात भी सामने आई है। पुलिस फरार आरोपियों को तलाश रही है।

एसीबी दीपक खंण्डेलवाल ने बताया कि वारदात के लिए कई दिन से रैकी की जा रही थी। आरोपी अंशु को वारदात से एक दिन पहले भी एटीएम की स्थिति देखने भेजा गया था। उसने मशीन के चालू होने की तस्दीक की। इसके बाद 14 सितंबर की सुबह करीब साढ़े दस बजे वह दोबारा बैंक पहुंची। उस समय एटीएम से कैश निकालने के लिए तीन कर्मचारी पहुंचे। उसने तत्काल प्रेमी मस्तराम को सूचना दी। एक आरोपी कुछ दूर कार लेकर खड़ा हो गया, जबकि दो आरोपी बाइक से बैंक की ओर आ गए। उन्होंने हथियार दिखाकर कर्मचारियों से कैश से भरा बैग छीन लिया और वापस बाइक से कार सवार साथी के पास पहुंचे।

बदमाशों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कपड़े बदले

बदमाशों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कपड़े बदले और लूटी रकम में से 26.80 लाख रुपए एक सूटकेस में रखकर अंशु के कमरे पर पहुंचा दिए, जबकि शेष रकम साथ ले गए। पुलिस ने वारदात के बाद करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आने जाने के रास्ते की जांच के दौरान अंशु की गतिविधियां संदेह के घेरे में आईं।

फुटेज के आधार पर अंशु के कमरे तक पहुंची पुलिस

फुटेज के आधार पर पुलिस उसके किराए के कमरे तक पहुंची। पूछताछ में कड़ियां जुड़ती चली गई। पुलिस के अनुसार मस्तराम ने अंशु को बताया था कि एटीएम से कैश निकालने का काम महिला कर्मचारी करती हैं। यह जानकारी एक बैंक कर्मचारी ने दी थी। पुलिस अब बैंककर्मी की जानकारी जुटाने में लगी है। वारदात के खुलासे में डीएसटी के बन्नालाल, राजेश चौधरी और हेमंत का अहम योगदान रहा।