जयपुर

खजूरिया स्कूल में 150 पौधे लगाए, संरक्षण की जिम्मेदारी भी सौंपी

Aug 10, 2026
Rajasthan

बनेठा. मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा टोंक के आह्वान पर शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खजूरिया में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर सहित विद्यार्थियों के माध्यम से करीब 150 पौधे लगाए गए।

व्याख्याता हेमराज गुर्जर ने बताया कि पौधरोपण और संरक्षण के लिए प्रधानाचार्य नंदसिंह तंवर ने शिक्षकों की अलग-अलग टीमें गठित कर जिम्मेदारी सौंपी। प्रधानाचार्य ने वृक्षों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ पर्यावरण संरक्षण के साथ ऑक्सीजन का प्रमुख स्रोत हैं।

उपप्रधानाचार्य काजिद अली एवं व्याख्याता हेमराज गुर्जर ने अध्यापकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया। विद्यालय परिसर में नीम, जामुन सहित विभिन्न औषधीय पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों को घरों के बाहर एवं सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।

प्रत्येक पौधे की देखभाल के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो समय-समय पर पौधों की निगरानी करेंगी। कार्यक्रम में हेमराज मीणा, रामहेल गुर्जर, सुदेश मीणा, संतोष जाट, विमल जाट, विजय जाट सहित विद्यार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे।

फोटो कैप्शन:
बनेठा. खजूरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पौधरोपण करते शिक्षक एवं विद्यार्थी।

Updated on:
10 Aug 2026 06:02 am
Published on:
10 Aug 2026 06:02 am