जयपुर

लाड़पुरा के ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Aug 06, 2026
Rajasthan

जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन

लालसोट. ग्राम पंचायत लाड़पुरा में वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी योजनाओं में कथित धांधली के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा को ज्ञापन सौंपकर पिछले चार वर्षों के कार्यों की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। अभिषेक चरावंडया के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मनरेगा, 14वें एवं 15वें वित्त आयोग तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। पात्र एवं दिव्यांग लोगों को योजनाओं के लाभ से वंचित कर अपात्र व्यक्तियों को फायदा पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। 27 जुलाई को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में उपखंड अधिकारी को भी इस संबंध में ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत के पिछले चार वर्षों के विकास कार्यों एवं बजट आवंटन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही भगवतपुरा तलाई का सीमाज्ञान कराने तथा जर्जर विद्यालय भवनों के लिए भूमि आवंटन एवं पट्टा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की भी मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। (नि.प्र.)

लालसोट. जिला कलक्टर को ज्ञापन देते लाड़पुरा के ग्रामीण।

Updated on:
06 Aug 2026 06:02 am
Published on:
06 Aug 2026 06:02 am