जयपुर

Lok Sabha elections 2024 : राजस्थान के लिए कांग्रेस की तीसरी लिस्ट… इन चेहरों लगाया दांव, RLP के लिए छोड़ी नागौर सीट

Lok Sabha elections 2024 : राजस्थान के लिए कांग्रेस ने देर रात लोकसभा प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सिर्फ दो सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, जबकि नागौर सीट गठबंधन के तहत हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के लिए छोड़ी गई है।

less than 1 minute read
Mar 24, 2024
anil_chopra.jpg

Lok Sabha elections 2024 : जयपुर। राजस्थान के लिए कांग्रेस ने देर रात लोकसभा प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सिर्फ दो सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, जबकि नागौर सीट गठबंधन के तहत हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के लिए छोड़ी गई है। कांग्रेस ने धौलपुर-करौली सीट पर पूर्व मंत्री भजनलाल जाटव को उम्मीदवार बनाया है वहीं जयपुर ग्रामीण सीट पर युवा चेहरे के तौर पर राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष रहे अनिल चोपड़ा को टिकट दिया गया है।

कांग्रेस ने अब तक 19 सीटों पर प्रत्याशियों की स्थिति साफ कर दी है जिनमें से दो सीटें सीकर और नागौर गठबंधन के लिए छोड़ी गई है। वहीं, अभी जिन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा का इंतजार है, उनमें अजमेर, डूंगरपुर-बांसवाड़ा, दौसा, भीलवाड़ा, कोटा और राजसमंद सीट है।

जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने युवा चेहरे के तौर पर अनिल चोपड़ा पर दांव खेला है। चोपड़ा राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं और एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव भी रह चुके हैं। हालांकि इस सीट पर विधायक मनीष यादव और विद्याधर चौधरी का भी नाम चर्चा में था लेकिन पार्टी ने चोपड़ा के नाम पर मुहर लगाई।

नागौर सीट पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर पंच फंसा हुआ था। कांग्रेस का ही एक घड़ा खुलकर इस गठबंधन के विरोध में था इसके चलते इस मामले को पहले लंबित छोड़ दिया गया था लेकिन बाद में उच्च स्तर पर फिर से बातचीत का दौर चला और अपनों के विरोध के बावजूद भी पार्टी ने यहां पर रालोपा के साथ गठबंधन कर सीट उसके लिए छोड़ दी। बेनीवाल पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा से गठबंधन कर नागौर से चुनाव जीतकर सांसद बने थे।

Published on:
24 Mar 2024 06:50 am