जयपुर

सर्दी ने ढाया सितम, फतेहपुर पहुंचा जमाव बिंदू से नीचे, राजधानी में सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात

राजधानी में न्यूनतम पारा पहली बार 8 डिग्री से पहुंचा नीचे
2 min read
• •
Updated: 2 Jan 2018, 9:21 PM IST
jaipur

जयपुर। प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप तेजी से बढऩा शुरू हो गया है। मंगलवार को राजधानी जयपुर में सीजन की सबसे सर्द रात रही। यहां न्यूनतम पारा इस सीजन में पहली बार 8 डिग्री से नीचे गिरकर 7.8 डिग्री पहुंच गया। रात में बढ़ी सर्दी के असर से मंगलवार को भी दिन तक हवा के साथ कंपकंपी का अहसास हुआ। उधर, फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर पारा एक बार फिर जमाव बिंदू से नीचे पहुंचकर माइनस 0.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले दो दिन तक यहां पारा जमाव बिंदू तक पहुंचा था।

उत्तर पूर्वी हिस्सों में छाए कोहरे से शीतलहर के असर को देखते हुए अगले 24 घटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थान पर पाला पडऩे की आशंका है। देश भर में कोहरे के असर से अगले 48 घंटों में न्यूनतम पारे में और गिरावट की संभावना है। जिससे जनजीवन पर असर पड़ सकता है।

प्रदेश में कई स्थानों पर सवेरे खुले मैदानों, सोलर प्लेटों और रात को खुले में वाहनों की छतों व खेत में खड़ी फसलों पर बर्फ की परत जमी देखी गई। सर्दी के कहर से बचाव को लेकर लोग दिन चढऩे तक घरों में ही दुबके रहे। तापमान में आई गिरावट के कारण लोगों को गर्म हीटर चलाने के लिए विवश होना पड़ा। दांत किटकिटा देने वाली शीत लहर से बचने के लिए लोगों ने चाय की चुस्कियों के साथ अलाव तापा। दर्शनीय स्थलों का अवलोकन करने आए देसी-विदेशी पर्यटक दिन में भी ऊनी लबादों का सहारा लेकर वादियों को निहारते देखे गए।


तीन ट्रेन कैंसिल, एक दर्जन के समय पर पड़ा असर

उत्तर भारत में छाए घने कोहरे से ट्रेन यातायात पर भी काफी असर पड़ा है। इसके कारण तीन ट्रेन कैंसिल कर दी गई और एक दर्जन के समय पर असर पड़ा है। लेट हुई गाडिय़ों में वाराणसी जोधपुर मरूधर 8 घंटे 30 मिनट, हावड़ा जोधपुर सुपर फास्ट 11 घंटे, जोधपुर हावड़ा सुपर फास्ट 9 घंटे 30 मिनट, सियालदाह अजमेर 12 घंटे, लखनऊ जयपुर 8 घंटे, दिल्ली जैसलमेर 7 घंटे, हरिद्वार अहमदाबाद योगा एक्सप्रेस 4 घंटे, चंडीगढ़ अजमेर गरीब रथ 2 घंटे 35 मिनट, आगरा फोर्ट अजमेर व हिसार जयपुर पैसेंजर 1 घंटे 30 मिनट देरी से चल रही है।

Published on: