
राजस्थान के लगभग 1.85 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद जरूरी और काम की खबर है। घरेलू गैस कनेक्शन के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी करने की अंतिम तारीख आज यानी 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों- इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL)- ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना ई-केवाईसी नहीं कराया है, उनकी सब्सिडी वाली रिफिल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। यदि आज के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो उपभोक्ताओं को नियंत्रित खुदरा मूल्य या बाजार मूल्य पर बिना सब्सिडी के सिलेंडर लेने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदेशभर में सक्रिय एलपीजी उपभोक्ताओं की एक बड़ी संख्या ऐसी है जिनका ई-केवाईसी अभी भी लंबित चल रहा है। प्रशासनिक और एजेंसी स्तर पर सामने आ रहा है कि बड़ी संख्या में कनेक्शन ऐसे हैं जिनके उपभोक्ता अब इस दुनिया में नहीं हैं, या फिर परिवार दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके हैं और रिकॉर्ड में पुराने पते व मोबाइल नंबर दर्ज हैं। ऐसे मामलों में डेटा अपडेट न होना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
ऑयल कंपनियों ने सलाह दी है कि ऐसे मामलों में समय रहते कनेक्शन को परिवार के दूसरे जीवित सदस्य के नाम ट्रांसफर करा लिया जाना चाहिए या जरूरी रिकॉर्ड दुरुस्त करवा लेना चाहिए।
अंतिण तारीख के नजदीक होने के कारण अंतिम समय में गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ और दबाव बढ़ने की पूरी संभावना है। इससे बचने के लिए उपभोक्ता घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं:-
आधिकारिक ऐप या वेबसाइट: संबंधित गैस कंपनी (IOCL, BPCL या HPCL) की ऑफिशियल वेबसाइट या उनके मोबाइल ऐप पर जाएं।
लॉगिन प्रक्रिया: अपने एलपीजी कनेक्शन से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के जरिए पोर्टल पर लॉगिन करें।
आधार सत्यापन: मेनू में जाकर 'KYC' के विकल्प का चयन करें और आधार सत्यापन की प्रक्रिया शुरू करें।
वेरिफिकेशन: वन-टाइम पासवर्ड (OTP) या फेस वेरिफिकेशन के जरिए प्रक्रिया को पूरी तरह से सबमिट कर दें ।
अधिकारियों ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने और अपनी रसोई की सुचारू सेवाओं को बनाए रखने के लिए उपभोक्ता आज ही अपनी ई-केवाईसी और दस्तावेजों की जानकारी को तुरंत दुरुस्त करवा लें।