
अश्विनी भदौरिया / जयपुर। महाराष्ट्र में मचे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस की राजनीति का सियासी प्वाइंट राजस्थान की राजधानी जयपुर बन गई है। शुक्रवार को जयपुर सहित जोधपुर पहुंचे विधायकों के बाद शनिवार को जयपुर में दिल्ली रोड स्थित होटल में दिन भर कांग्रेस नेताओं की आवाजाही बनी रही। इस बीच कांग्रेस सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक दल के नेता का चुनाव रविवार को जयपुर में ही होगा।
सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस प्रभारी मल्लिकार्जुन खडग़े और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे भी विधायक दल की मौजूद रहेंगे। पूरे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच शुक्रवार शाम जयपुर आए अविनाश पांडे शनिवार सुबह वापस दिली चले गए। देर शाम पांडे वापस जयपुर लौटे। खडग़े के शनिवार देर रात जयपुर पहुंचने की सूचना थी। लेकिन बाद में बताया गया कि वे फिलहाल नहीं आ रहे। अब माना जा रहा है कि वे रविवार को जयपुर आ सकते हैं।
इस बीच 10 से 12 विधायकों ने दिन में जयपुर शहर के पर्यटक स्थलों आमेर किले, अल्बर्ट हॉल, जंतर-मंतर और सिटी पैलेस आदि का भ्रमण किया। जानकारों की मानें तो कांग्रेस के अधिकांश विधायक जयपुर पहुंच चुके हैं। शेष विधायक भी लगातार जयपुर पहुंच रहे हैं। दरअसल, भाजपा-शिवसेना के विवाद को देखते हुए कांग्रेस ने अपने विधायकों को जयपुर लाने का फैसला लिया। ऐसे में मुंबई के साथ-साथ जयपुर भी महाराष्ट्र की राजनीति का केंद्र बन गया है। महाराष्ट्र में विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका से कांग्रेस ने जयपुर में विधायकों को भेजा है।
यहीं चुनेंगे विधायक दल का नेता - पटोले
महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार रात को ही कांग्रेस के बड़े नेता और कांग्रेस के शेष विधायक आ गए हैं। रविवार को पर्यवेक्षक भी जयपुर आ जाएंगे। यहीं विधायक दल का नेता चुना जाएगा। राष्ट्रपति शासन पर उन्होंने कहा कि चारों दलों को बहुमत साबित करने का मौका दिया जाना चाहिए। यदि बिना मौका दिए राष्ट्रपति शासन लगाया जाता है तो कांग्रेस सर्वोच्च न्यायालय में जाएंगी।