जयपुर

जयपुर में महासफाई अभियान: 2500 सफाईकर्मी उतरे मैदान में, एक दिन में 1406 टन कचरा साफ

जयपुर में मंगलवार को महासफाई अभियान में 2500 से ज्यादा सफाईकर्मी और करीब पांच दर्जन संसाधन मैदान में उतरे। मुरलीपुरा और विद्याधर नगर जोन से एक दिन में 1406 टन कचरा हटाया गया। तीन चरणों में अब तक 4500 टन कचरा साफ किया जा चुका है।
2 min read
Sep 01, 2026
Jaipur Cleanliness Drive
Jaipur Cleanliness Drive: मशीन से कचरा सफाई (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। शहर में कचरे के बढ़ते ढेर और ओपन डिपो की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने महासफाई अभियान तेज कर दिया है। स्वच्छता अभियान के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को मुरलीपुरा और विद्याधर नगर जोन में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान 2500 से अधिक सफाईकर्मियों की टीम ने वार्डों, गलियों और मोहल्लों में सफाई की। एक ही दिन में दोनों जोन से 1406 टन से अधिक कचरा उठाकर शहर को साफ किया गया। अभियान में जेसीबी, डम्पर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, हूपर और अन्य मशीनरी को भी लगाया गया।

सुबह सात बजे शुरू हुए अभियान के दौरान मुरलीपुरा जोन से करीब 726 टन और विद्याधर नगर जोन से करीब 680 टन कचरा हटाया गया। ओपन कचरा डिपो को जेसीबी और डम्पर की मदद से साफ किया गया। इसके अलावा जलभराव वाले स्थानों और जलनिकासी क्षेत्रों में भी विशेष सफाई कराई गई। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील इलाकों में फॉगिंग भी की गई।

6500 बड़े होर्डिंग-बैनर हटे

जयपुर नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि स्वच्छता अभियान के साथ आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए भी कार्रवाई जारी है। निगम की ओर से अब तक करीब 6500 बड़े होर्डिंग-बैनर और 10 हजार पोस्टर हटाए जा चुके हैं।

ये संसाधन रहे मैदान में

महासफाई अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर संसाधनों का इस्तेमाल किया गया। 16 जेसीबी, 22 डम्पर, 21 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 11 हूपर कचरा उठाने के काम में लगाए गए। इसके साथ ही 4 फॉगिंग मशीन, एक रोड स्वीपर और 4 लिटर पिकर मशीनों का भी इस्तेमाल किया गया।

यह वीडियो भी देखें :

पहले तीन चरणों में 4500 टन कचरा उठा

नगर निगम के इस विशेष सफाई अभियान के शुरुआती तीन चरणों में अब तक करीब 4500 टन कचरा उठाया जा चुका है। पहले चरण में मानसरोवर-सांगानेर जोन से 1440 टन, दूसरे चरण में किशनपोल-हवामहल जोन से 1676 टन और तीसरे चरण में मुरलीपुरा-विद्याधर नगर जोन से 1406 टन कचरा हटाया गया।

इन जोन में चलेगा अगला अभियान

महासफाई अभियान का अगला चरण 3 सितंबर को झोटवाड़ा और वैशाली नगर जोन में होगा। इसके बाद 5 सितंबर को सिविल लाइंस और आदर्श नगर, जबकि 7 सितंबर को जगतपुरा, झालाना और मालवीय नगर जोन में अभियान चलाया जाएगा। निगम का लक्ष्य शहर के प्रमुख ओपन डिपो और गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित कर बड़े स्तर पर सफाई कराना है।

Updated on:
01 Sept 2026 08:45 pm
Published on:
01 Sept 2026 08:45 pm