जयपुर

Rajasthan News: 18.51 करोड़ का बिजली बिल देख 80 साल के बुजुर्ग की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराया भर्ती

Jaipur Electricity Bill: बिजली का बिल देख उपभोक्ता परेशान होते हैं, लेकिन जयपुर में एक बुजुर्ग को बिल ने सीधे अस्पताल पहुंचा दिया। 80 वर्षीय पति छीतरमल ने बिजली मित्र ऐप पर अपने कटे हुए बिजली कनेक्शन के 6573 रुपए के बकाया की जगह 18.51 करोड़ रुपए का बिल देखा तो वे सदमे में आ गए।
2 min read
Aug 02, 2026
Jaipur Electricity Bill
छीतरमल व ऐप पर 18.51 करोड़ का बिजली बिल। फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजधानी जयपुर में बिजली बिल की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। आमतौर पर बढ़े हुए बिजली बिल को देखकर उपभोक्ता परेशान हो जाते हैं, लेकिन जयपुर में एक बुजुर्ग के साथ ऐसा हुआ कि बिजली बिल देखते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बता दें कि जयपुर डिस्कॉम के बिजली कार्यालयों में महीने के आखिरी सप्ताह में बिल तैयार कर उपभोक्ताओं को भेजने की आपाधापी अब उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है।

जयपुर शहर के पुराना घाट सब डिवीजन में बिल तैयार करने के दौरान हुई अंकीय त्रुटि का खामियाजा शनिवार सुबह आगरा रोड स्थित लूनियावास की राजेन्द्र नगर कॉलोनी निवासी महिला उपभोक्ता जानकी देवी के 80 वर्षीय पति छीतरमल को भुगतना पड़ा। छीतरमल ने बिजली मित्र ऐप पर अपने कटे हुए बिजली कनेक्शन के 6573 रुपए के बकाया की जगह 18.51 करोड़ रुपए का बिल देखा तो वे सदमे में आ गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई।

डिस्कॉम पहले ही काट चुका था कनेक्शन

आसपास के लोगों ने उन्हें स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिवार का आरोप है कि सामान्य खपत के बावजूद असामान्य राशि का बिल जारी किया गया, जिससे पूरे घर में हड़कंप मच गया। बिजली का बिल देखने के बाद बुजुर्ग की तबीयत तक बिगड़ गई। इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और बिलिंग व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकी देवी के बिजली कनेक्शन पर 6573 रुपए का बिल बकाया था। भुगतान नहीं होने पर डिस्कॉम पहले ही कनेक्शन काट चुका था।

विभाग ने बताया तकनीकी त्रुटि

मामला सामने आने के बाद बिजली विभाग ने इसे तकनीकी त्रुटि बताया है। पुराना घाट के सहायक अभियंता सत्येन्द्र चौधरी ने कहा कि बिल तैयार करते समय गलती से बकाया राशि की जगह मीटर नंबर दर्ज हो गया, जिसके कारण विभाग के ऐप पर उपभोक्ता का बिल 18.51 करोड़ रुपए दिखाई देने लगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल डेटा एंट्री की त्रुटि है और उपभोक्ता पर इतना कोई वास्तविक बकाया नहीं है। उन्होंने कहा कि मामला मेरी जानकारी में है। सोमवार को 6573 रुपए का वास्तविक बकाया बिल उपभोक्ता को जारी कर दिया जाएगा।

Updated on:
02 Aug 2026 08:39 am
Published on:
02 Aug 2026 08:29 am
Also Read
View All