जयपुर

मलमास खत्म, दिनभर चलेगा दान-पुण्य का दौर, सूर्योदय से शाम तक रहेगा पुण्यकाल

मकर संक्रांति ( Makar Sankranti 2020 ) का पर्व बुधवार यानि आज भी मनाया जाएगा। इस दिन मलमास ( Malmas ) खत्म होने के साथ ही विवाह सहित अन्य शुभ कार्यों की शुरुआत भी होगी...
2 min read
• •
Updated: 15 Jan 2020, 8:50 AM IST
puja0.jpg

जयपुर। मकर संक्रांति ( Makar Sankranti 2020 ) का पर्व बुधवार यानि आज भी मनाया जाएगा। इस दिन मलमास ( Malmas ) खत्म होने के साथ ही विवाह सहित अन्य शुभ कार्यों की शुरुआत भी होगी। साथ ही सूर्यदेव के दक्षिणायन से उत्तरायण होने पर सुबह गलता सहित अन्य पवित्र सरोवरों में स्नान के बाद दिनभर दान पुण्य का दौर चलता रहा। सुबह आराध्य के दर्शन के बाद श्रद्धालु ने गायों को चारा और गुड़ खिलाया। साथ ही जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, तिल व अन्य पकवानों का दान भी किया जा रहा है। वहीं, महिलाओं द्वारा विशेष रूप से सुहाग का सामान और 14 तरह की वस्तुएं, कपड़े आदि सामान कल्पकर घर की बुजुर्ग महिलाओं से आशीर्वाद लेने का दौर चलता रहा।

ज्योतिषाचार्य पं.दामोदर प्रसाद शर्मा ने बताया कि मंगलवार मध्य रात्रि 2.08 बजे तुला लग्न में मकर संक्रांति का प्रवेश हुआ। इसका पुण्यकाल बुधवार यानि आज सुबह सूर्योदय के बाद 7.21 बजे से शाम 5.50 बजे तक रहेगा। मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में मंगलवार को शहरभर में पतंगें उड़ीं। वहीं, मंदिरों में भी ठाकुरजी ने पतंग उड़ाई। गोविंददेवजी मंदिर में ठाकुरजी ने चांदी की पतंग उड़ाई, वहीं राधाजी और सखियों ने चरखी थामी। गर्भगृह और जगमोहन में पतंगें भी सजाई गई। मंदिर प्रबंधन की ओर से बच्चों को पतंगें बांटी भी गई। गलता तीर्थ में भक्तों ने डुबकी लगाई और गायों को चारा खिलाया।

अक्षरधाम मंदिर में नई खाद्यान्न फसलों के साथ नववर्ष 2020 की पतंगों की झांकी सजाई गई। गलता रोड स्थित गीता गायत्री मंदिर, आनंदकृष्ण बिहारी, रामचंद्र जी, इस्कॉन, अक्षयपात्र सहित अन्य मंदिरों में बुधवार को झांकी सजाई जाएगी। अंबाबाड़ी स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में पवनपुत्र के समक्ष पतंग और चरखी की झांकी सजाई गई। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की।

चाइनीज मांझे का विरोध
दाधीच समाज की ओर से जौहरी बाजार स्थित रुद्र महादेव मंदिर में पारिवारिक पतंग उत्सव-2020 हुआ। महर्षि दधीचि के पूजन के बाद युवाओं को चाइनीज मांझे का इस्तेमाल नहीं लेने की शपथ दिलाई। साथ ही अन्य लोगों को जागरूक करने का प्रण दिलाया।

Updated on:
15 Jan 2020, 8:50 AM IST
Published on: