
जयपुर।
पत्नी के वियोग से परेशान होकर एक व्यापारी आज सुबह पुरानी विधानसभा के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर मौके पर पहुंच कर माणक चौक थाना पुलिस व एसडीआरएफ टीम उसे टावर से उतारने का प्रयास कर रही है। एतिहात के तौर पर मोबाइल टावर के पास जाल लगा दिया गया है।
इधर, घटना की सूचना के बाद बडी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। इससे घटना स्थल पर जाम लग गया। पुलिस जाम काे हटाने का प्रयास कर रही है। जाम के चलते वाहन चालको को खासी परेशानी का सामना करना पड रहा है।
पुलिस के अनुसार मुरलीपुरा निवासी प्रवीण गोयल बाईजी के खंदे में जवाहरात की दुकान चलाता है। सुबह करीब छह बजे वह पुरानी विधानसभा के पास पहुंचा और मोबाइल टावर पर चढ़ कर चिल्लाने लगा। राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को सूचना दी।
जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल दुर्गाप्रसाद ने बताया कि कुछ दिनों पहले प्रवीण गोयल की पत्नी से उससे तलाक ले लिया। पत्नी के तलाक लेने के बाद से वह परेशान रहने लगा था। प्रवीण गोयल पर कर्जा भी है। रुपए मांगने वाले भी तकाजा कर रहे थे।
पत्नी के वियोग में परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है। उसे टावर से उतारने का प्रयास किया जा रहा है। प्रवीण नशे का भी आदी बताया जा रहा है। टावर से उतारने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। प्रवीण ने दूसरे धर्म की महिला से शादी की थी । आपसी विवाद के बाद उसने प्रवीण से अलग रहना चालू कर दिया और फिर उसने तलाक ले लिया।