
Vegetable Prices Hike: राजस्थान की बड़ी मंडियों में शामिल जयपुर की मुहाना मंडी में अब टमाटर और अदरक चोरी होने का मामला सामने आया है। दुकानों के बाहर रखे टमाटर के कैरेट और अदरक के बोरे रातों रात गायब हो गए। चोरी की इन घटनाओं के बाद अब व्यापारियों में रोष है। उनका कहना है कि सबसे बड़ी मंडी होने के बाद भी पुलिस की गश्त नहीं होती। हर साल बारिश के सीजन में जब सब्जियां महंगी होती हैं तो चोर हाथ साफ कर जाते हैं। इस बार भी ऐसा हुआ है। हांलाकि इस बार अदरक के भाव अब तक के सबसे उंचे भावों में चल रहे हैं। फल सब्जी मंडी मुहाना टर्मिनल के अध्यक्ष राहुल तंवर ने बताया कि हमने कई बार पुलिस को इस बारे में कहा है लेकिन कोई सुनता नहीं है। सब्जी मंडी में आने और जाने के कई दरवाजे हैं जो अक्सर खुले रहते हैं। जिन दुकानदारों के चोरी हुए है वे अब पुलिस के पास जाने की तैयारी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : SDM Jyoti Maurya Case से घबराए पति ने पत्नी से करवाया 500 का स्टाम्प साइन, सोशल मीडिया पर वायरल
अध्यक्ष तंवर ने बताया कि हमीद भाई के नाम से टमाटर विकेता की फर्म है। टमाटर का बड़ा काम है। हर दिन हजारों किलो माल आता है। रात में भी माल आया था। पता चला कि छह कैरेट चोरी हो गए। इनमें हर कैरेट में पच्चीस किलो माल था। यानि करीब एक सौ पचास किलो टमाटर चोरी हो गया। खुदरा बाजार में कीमत करीब तीन हजार रुपए से ज्यादा है। वहीं करीब एक फर्म से दो बोरी अदरक चोरी हो गई। करीब सौ किलो अदरक का बाजार भाव करीब तीन हजार पांच सौ रुपए से भी ज्यादा है।
यह भी पढ़ें : Tomato Price Hike: अनार के बराबर हुए टमाटर के भाव
उल्लेखनीय है पिछले सप्ताह कर्नाटक के बेलूर इलाके में एक किसान के यहां से चोरों ने रातों रात टमाटर की फसल तोड़ ली। करीब पौने तीन लाख रुपए के टमाटर चोरी हो गए। इसी तरह का एक मामला वाराणसी से भी सामने आया है।