जयपुर

मेवाती गैंग का पर्दाफाश, एटीएम कार्ड बदल यूं करते थे ठगी, चार राज्यों में की 100 वारदात

Crime News: मानसरोवर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के मामले में मेवाती गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 61 एटीएम कार्ड और 1 लाख 98 हजार 600 रुपए बरामद किए हैं।
less than 1 minute read
• •
Updated: 16 Mar 2024, 8:10 AM IST
mewati_gang_.jpg
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली मेवाती गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार

Jaipur News: मानसरोवर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के मामले में मेवाती गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 61 एटीएम कार्ड और 1 लाख 98 हजार 600 रुपए बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश और राजस्थान में 100 वारदात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनवर, शाकिर और मोहम्मद अनस नूंह मेवात, हरियाणा के रहने वाले हैं। आरोपियों ने 14 मार्च को भरतपुर में तैनात एक कांस्टेबल से मानसरोवर में एटीएम कार्ड छीनने की वारदात की थी।

थानाप्रभारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी चार पहिया वाहन से आते और एटीएम बूथ से 40-50 मीटर दूरी पर खड़ा कर देते थे। एटीएम बूथ में रुपए निकालने वाले व्यक्ति के पीछे खड़े होकर आरोपी पिन कोड देखते और फिर रुपए निकाल रहे व्यक्ति को बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लेते थे। कुछ देर बाद आरोपी दूसरे एटीएम बूथ पर जाकर के उक्त कार्ड से रुपए निकाल लेते थे। इतना ही नहीं एटीएम कार्ड बदलने के दौरान पीडि़त विरोध करता तो उससे मारपीट कर रुपए छीन ले जाते थे।

पुलिस ने बताया कि 14 मार्च को भरतपुर में तैनात कांस्टेबल धर्मवीर मानसरोवर इलाके में एटीएम बूथ से रुपए निकाल रहा था। इसी दौरान दो युवक उसका एटीएम कार्ड छीन ले गए। धक्का-मुक्की में कांस्टेबल के हाथ में चोट लग गई। नाकाबंदी की सूचना पर बस्सी पुलिस ने राजाधौंक टोल प्लाजा पर कार को रुकवा कर आरोपियों को दबोच लिया।

Published on: