
जयपुर . राजधानी सहित प्रदेश भर में सर्दी का सितम तेजी से बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में पारा जमाव बिंदू तक पहुंच गया। फतेहपुर में तापमान -0.8 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे कम रहा, जबकि चूरू में 1.6 डिग्री तापमान रहा। सीकर और शेखावाटी क्षेत्र में हाड़ कंपाने वाली ठंड से जन-जीवन बेहाल हो गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी सर्दी ने अपने तेवर और तीखे कर लिए। राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात की तुलना में शनिवार रात का न्यूनतम तापमान एक साथ 2.7 डिग्री की गिरावट के साथ 8 डिग्री पर पहुंच गया।
शीतलहर से राहत की उम्मीद नहीं
पर्वतीय स्थल माउंट आबू में तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहां पेड़-पौधों की पत्तियों पर औस जम गई। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल शीतलहर से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दो दिन बाद बादलों की हल्की आवाजाही होगी।
दिन में तीखी धूप भी
रात में और सुबह जहां शीतलहर ने लोगों को परेशान किया। वहीं सूरज निकलने के बाद तीखी धूप रहने से दोपहर में ठंड का असर केवल छाया तक सिमट गया। दोपहर में जयपुर शहर का अधिकतम तापमान करीब 2 डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ 25.7 डिग्री रहा। शाम होते होते फिर से सर्दी हो गई और रात को तेज सड़कों पर जल्द सन्नाटा पसरने लगा।
बदली दिनचर्या
सर्दी के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन भर चली सर्द हवाओं लोगों को सूई की तरह चुभती रही। सर्दी के कारण घरों में दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हुई। घरेलू कार्यो को पूरा करने में लोगों ने गर्म पानी का उपयोग किया। बाजार में सर्दी से राहत पाने के लिए जगह-जगह लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से राहत पाई। सुबह को सैर पर जाने वाले लोग भी पार्कों में कम ही नजर आए। वहीं रविवार होने के बाद भी प्रदेश के बाजारों में चहल—पहल कम रही। शाम होते—होते तो बाजारों में सन्नाटा हो गया।