Rajasthan Clerk Recruitment: लिपिक भर्ती 2013 की जांच एसओजी करेगी। इसकी घोषणा विधानसभा में पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने की है, जिससे फर्जीवाड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया है।
Clerk Recruitment 2013: अलवर। अलवर समेत प्रदेशभर की जिला परिषदों में हुई लिपिक भर्ती 2013 की जांच स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) करेगा। इसकी घोषणा विधानसभा में पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने की है, जिससे फर्जीवाड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया है। इसके तहत प्रदेशभर में 10 हजार लिपिकों की भर्ती की गई थी, जिसमें अलवर के 600 लिपिक शामिल हैं।
अलवर में ही सबसे पहले फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद राजस्थान पत्रिका ने प्रमुखता से मुद्दा उठाया, तो पहले सरकार ने प्रदेशभर के कलक्टर्स को इसकी जांच सौंपी, लेकिन जांच में कई जिला परिषद ने सहयोग नहीं किया, तो सरकार ने अब एसओजी जांच कराने का फैसला किया है।
सरकार ने साफ कह दिया कि जिला परिषद के जिन अधिकारियों ने दस्तावेज नहीं दिए या गलत रिपोर्ट भेजी है, उनको चार्जशीट जारी की जाएगी। इससे अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
लिपिक भर्ती 2013 कई चरणों में हुई। भर्ती के दौरान फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र, फर्जी कंप्यूटर प्रमाण पत्र और भर्ती प्रक्रिया की शर्त बदलने सहित बिना टाइप टेस्ट पास किए ही कर्मचारियों की नियुक्ति के मामले सामने आए हैं। मंत्री दिलावर ने यह भी कहा कि इसमें छोटे कर्मचारियों के साथ बड़े लोगों का भी हाथ है, उनकी भूमिका भी एसओजी की जांच में सामने आ जाएगी।