अभी अहमदाबाद में अटक रखी हमारी 'खुशियां'
जयपुर. तपते हुए प्रदेश को मानसून की बूंदों का अभी चार—पांच दिन और इंतजार करना होगा। मौसमी बदलाव की वजह से धीमी पड़ी चाल के कारण मानसून अभी गुजरात के अहमदाबाद के आसपास अटका हुआ है। जयपुर तक इसे आने में करीब एक सप्ताह लग जाएगा।
जयपुर मौसम विभाग के मुताबिक पहले अनुमान लगाया गया था कि मानसून 26 जून तक जयपुर पहुंच जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। मानसून अभी गुजरात में है ऐसे में संभावना है कि वह बांसवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करेगा। वैसे राजस्थान में कोटा-झालावाड़ व बासंवाड़ा के रास्ते मानसून दस्तक देता है। बदली हुई परिस्थतियों में अब अनुमान लगाया जा रहा है कि मानसून करीब 28 जून को प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। राजधानी जयपुर आने में उसे अगले दो-तीन दिन और लग जाएंगे।
प्री मानसून बारिश ने दी दस्तक
मौसम विभाग के मुताबिक कोटा-झालावाड़ व बासंवाड़ा जिले में प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान झालावाड़ में 9 व अकलेरा में 6 मिमी, बांसवाड़ा के कुशालगढ़ में 7 मिमी, कोटा के रामगंजमण्डी में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इन इलाकों में अगले 7 दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में रविवार को सुबह से ही बारिश का दौर चला। भीलवाड़ा जिले के सरेरी में सर्वाधिक बारिश 44 मिलीमीटर वहीं अरवड़ 31, माण्डलगढ़ में 26, गुलाबपुरा में 22, बिजौलियां व आंगूचा में 16-16 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा श्रीगंगानगर, जोधपुर, उदयपुर और पाली जिले में भी बारिश हुई।
अभी अभी कई शहरों में पारा 40 के पार
मानसून की आहट के बीच अभी भी प्रदेश के कई शहर तप रहे हैं। यहां का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया। वैसे प्रदेश में 45.4 डिग्री के साथ चूरू सबसे गर्म आंका गया। इसी तरह श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44.4, पिलानी और जैसलमेर में 42.5, बीकानेर में 42.4 तथा बाड़ेमेर में 41 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।